विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

13 रुपये का बिल जमा कराने के बहाने मांगी थी बैंक और कार्ड की डिटेल, खाते से उड़ाए 2.32 लाख

By Vinod BhandariEdited By: Rahul Chauhan
Published: Mon, 05 Oct 2026 11:38 AM (IST)

रुद्रपुर में अडानी गैस बिल जमा करने के नाम पर एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 2.32 लाख रुपये की ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। अडानी गैस का बिल जमा करने के नाम पर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 2.32 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

साथ ही जिन खातों में रुपये ट्रांसफर हुए हैं, उसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। वसुंधरा गुरुबक्स ग्रीन, गंगापुर रोड निवासी नितिन कुमार के अनुसार, 29 सितंबर को उनके वाट्सएप नंबर पर अडानी गैस का बिल जमा करने संबंधी संदेश आया था। इसमें बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी।

साथ ही बिल अधिकारी देवेश जोशी से बात करने के लिए मोबाइल नंबर दिया गया था। इस पर उसने दिए गए नंबर पर फोन किया तो देवेश ने बताया कि उनका बिल अभी जनरेट नहीं हुआ है। उसने लिंक भेजकर बिल जनरेट करने की बात कही।

नितिन के अनुसार लिंक खोलने पर 13 रुपये का बिल दिखाई दिया। देवेश ने पहले 13 रुपये कार्ड से जमा करने को कहा। इसके बाद उन्होंने अपने बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड की जानकारी लिंक पर दर्ज की। पत्नी के बैंक खाते की जानकारी भी दर्ज की गई, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।

इसके बाद देवेश ने अगले दिन सुबह 7:30 बजे फोन करने की बात कहकर काल काट दी। आरोप है कि रात को नितिन के खातों से रकम कटने लगी। उनके बैंक खाते से 17 हजार, क्रेडिट कार्ड से दो लाख और पत्नी के बैंक खाते से 14 हजार रुपये निकाल लिए गए।

ठगी होने पर उन्होंने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसआइ मुकेश मिश्रा ने बताया कि अज्ञात साइबर ठग पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। पुलिस दिए गए मोबाइल नंबर और लिंक के आधार पर साइबर ठगों की पहचान में जुटी है।

यह भी पढ़ें- 14 विभागों के फर्जी पहचान पत्र... रोडवेज में कर रहा था मुफ्त में सफर... उत्तराखंड के रुद्रपुर में सनसनीखेज मामला 

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में फर्जी दस्तावेजों से जाति-निवास प्रमाण पत्र बनवाने पर तीन के खिलाफ केस