विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kichcha Municipal Election: पूर्व विधायक शुक्ला को दिख गया लॉरेंस गैंग का मेंबर, पुलिस नहीं देख पाई

Published: Wed, 23 Sep 2026 12:59 PM (IST)Updated: Wed, 23 Sep 2026 01:06 PM (IST)

किच्छा में विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच चुनावी विवाद गंभीर आरोपों तक पहुंच गया है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला.

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला.

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, किच्छा । विधायक तिलकराज बेहड़ के थप्पड़ मारने के घटनाक्रम के बाद भाजपा-कांग्रेस के बीच शुरू हुआ वाक्युद्ध अब गंभीर आरोपों तक पहुंच गया है।

किच्छा के स्ट्रांग रूम में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य की मौजूदगी के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आरोप ने मामले को और गरमा दिया है। शुक्ला का दावा है कि मतदान के दौरान स्ट्रांग रूम पहुंचे बेहड़ के साथ गैंग का एक खूंखार अपराधी मौजूद था। वहीं पुलिस ने फिलहाल ऐसे किसी व्यक्ति की मौजूदगी से इन्कार किया है और आरोप की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- किच्छा थप्पड़ कांड में लॉरेंस बिश्नोई की एंट्री, पूर्व विधायक बोले - 'स्ट्रांग रूम में बेहड़ के साथ था गैंग का एक खूंखार अपराधी'

 पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने लगाया आरोप 

सिडकुल चौकी से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि पिछले करीब दस दिनों से तिलकराज बेहड़ जिस तरह की बयानबाजी कर रहे थे, उससे उन्हें आशंका थी कि चुनाव शांतिपूर्ण नहीं होने दिया जाएगा। शुक्ला के अनुसार मतदान के बीच बेहड़ स्ट्रांग रूम पहुंचे और उनके साथ लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक खूंखार अपराधी भी था।

शुक्ला ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान स्ट्रांग रूम पहुंचने का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना था। उनका कहना था कि उनकी आपत्ति सिर्फ इतनी थी कि मतदान समाप्त होने से पहले बेहड़ स्ट्रांग रूम क्यों पहुंचे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उनके साथ गाली-गलौज की गई।

शुक्ला ने कहा कि यदि उस समय उनके साथ समर्थक नहीं होते तो उनकी हत्या तक हो सकती थी। पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बेहड़ ने पूरे दिन किसी न किसी तरह से मतगणना को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आशंका से बेहड़ बौखला गए थे और इसी कारण स्थिति बिगड़ी।

बिश्नोई गिरोह के किसी सदस्य की मौजूदगी से पुलिस का इन्कार

मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के किसी सदस्य की मौजूदगी से फिलहाल इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक की ओर से लगाए गए आरोप की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- किच्छा थप्पड़ कांड: विधायक तिलक राज बेहड़ बोले, 'मैं नहीं दूंगा तहरीर'

पुलिस और संबंधित एजेंसियां इस बिंदु पर भी पड़ताल कर रही हैं कि स्ट्रांग रूम में गैंग से जुड़ा कोई व्यक्ति मौजूद था या नहीं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी और वीडियो फुटेज चेक किए जा रहे हैं।