किच्छा थप्पड़ कांड में लॉरेंस बिश्नोई की एंट्री, पूर्व विधायक बोले - 'स्ट्रांग रूम में बेहड़ के साथ था गैंग का एक खूंखार अपराधी'
किच्छा थप्पड़ कांड के बाद भाजपा-कांग्रेस में वाक्युद्ध तेज हो गया है, जिसमें अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग की एंट्री का दावा किया गया है।
HighLights
किच्छा थप्पड़ कांड के बाद भाजपा-कांग्रेस में वाक्युद्ध तेज
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की एंट्री का दावा किया
स्ट्रांग रूम में बेहड़ के साथ खूंखार अपराधी होने का आरोप
जागरण संवाददाता, किच्छा। विधायक तिलकराज बेहड़ के थप्पड़ मारने के घटनाक्रम के बाद अब भाजपा - कांग्रेस में वाक्युद्ध तेज हो गया है। इसी वाक्युद्ध में लारेंस बिश्नोई गेंग की भी एंट्री हो गई है। भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा है कि पिछले दस दिन से जिस तरह से तिलकराज बेहड़ बयानबाजी और चुनाव को बाधित करने का प्रयास कर रहे थे, उससे लग गया था कि वे चुनाव को शांतिपूर्ण नहीं होने देना चाहते थे।
सिडकुल चौकी से छूटने के बाद मीडिया से बातचीत में शुक्ला ने कहा कि बेहड़ जिस समय मतदान के बीच में ही स्ट्रांग रूम पहुंचे थे उनके साथ लारेंस बिश्नोई गेंग का एक बहुत ही खूंखार अपराधी मौजूद था। मतदान के बीच में ही बेहड़ के वहां पहुंचने की मंशा भी यही थी कि स्ट्रांग रूम पर कब्जा कर लूंगा और जैसे ही मतपेटियां आएंगी उन्हें अपने हिसाब से लूट लिया जाए।
बेहड़ हार देख इतना बौखला गए कि उन्हें समझ नहीं आया कि वे कर क्या रहे हैं। उन्होंने इससे पहले पूरे दिन किसी न किसी तरह से मतगणना को प्रभावित करने का भी प्रयास किया। मेरी आपत्ति तो सिर्फ इतनी थी कि मतदान खत्म नहीं हुआ तो बेहड़ स्ट्रॉग रूम पहुंच क्यों गए। लेकिन इसी बात पर कांग्रेस प्रत्याशी ने हमला बोल दिया और बेहड़ गालियाँ देने लगे। शुक्ला बोले कि उनके साथ अगर समर्थक नहीं होते तो उनकी हत्या भी हो सकती थी।
