विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्जी दरोगा गिरफ्तार: पुलिस भर्ती के नाम पर 40 हजार की ठगी का खुलासा

By Virendra BhandariEdited By: Rahul Chauhan
Published: Mon, 19 Oct 2026 03:51 PM (IST)

ऊधम सिंह नगर के किच्छा में एक फर्जी दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 40 हजार रुपये ठगे थे।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। पुलिस में भर्ती कराने का झांसा देकर 40 हजार रुपये ठगने वाले एक फर्जी पुलिस अधिकारी को पुलभट्टा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित खुद को राजस्थान पुलिस में दरोगा बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस ने उसके कब्जे से राजस्थान पुलिस का फर्जी पहचान पत्र, उत्तराखंड पुलिस का एडमिट कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और उत्तराखंड पुलिस की एक जोड़ी वर्दी बरामद की है। आरोपित की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र के लोग भी उसके खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंचने लगे हैं।

थानाध्यक्ष पुलभट्टा उमेश कुमार ने बताया कि नानकमत्ता थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी आशा देवी पत्नी सुखबीर सिंह ने 17 अक्टूबर को शिकायत करते हुए कहा था कि एक व्यक्ति ने खुद को राजस्थान पुलिस में दरोगा बताते हुए उनकी पुत्री तुलसी राणा को पुलिस में भर्ती कराने का झांसा दिया।

इसके एवज में 40 हजार रुपये ले लिए। आरोपित ने विश्वास में लेने के लिए उसे पुलिस भर्ती से संबंधित फर्जी एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और एक जोड़ी पुलिस वर्दी भी दी थी। बताया कि आरोपित सिरौली कलां में रह रहा है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मोहम्मद जाहिद पुत्र मोहम्मद इस्माइल निवासी शरीफ नगर, थाना देवरनिया, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई।

साथ ही सोमवार को सूचना के आधार पर बरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरज वर्मा ने पुलिस कर्मियों के साथ आरोपित मोहम्मद जाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से राजस्थान पुलिस का फर्जी आईकार्ड, उत्तराखंड पुलिस का एडमिट कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और पुलिस की वर्दी बरामद की गई। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और आरोपित की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें- धान खरीद की अव्यवस्था को लेकर किच्छा में किसान और विधायक धरने पर बैठे, हंगामा

यह भी पढ़ें- किच्छा-सिरौलीकलां पालिका चुनाव: आज खुलेगा मतपेटियों का राज, बेहड़ या शुक्ला किसका पलड़ा भारी?