विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में चचेरे भाई ने साथियों संग घेरकर सतनाम सिंह को गोली मारी, पुरानी रंजिश बनी हत्या का कारण

By Avinash ShrivastavaEdited By: Rahul Chauhan
Published: Sun, 18 Oct 2026 06:00 PM (IST)

नानकमत्ता के सिद्धा गांव में सतनाम सिंह की उनके चचेरे भाई कुलदीप सिंह उर्फ बंटी ने साथियों के साथ मिलकर ...और पढ़ें

HighLights

  1. सतनाम सिंह की चचेरे भाई ने गोली मारकर हत्या की।

  2. घटना नानकमत्ता के सिद्धा गांव में पुरानी रंजिश के कारण।

  3. पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। नानकमत्ता के सिद्धा गांव में घर पर पथराव और हवाई फायरिंग की सूचना मिलने पर लौट रहे सतनाम सिंह की उनके चचेरे भाई ने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी। रास्ते में घेरकर सतनाम के सीने में गोली मारी गई थी।

गंभीर हालत में उन्हें सरकारी अस्पताल से रुद्रपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुख्य आरोपित चचेरे भाई समेत छह लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। नानकमत्ता कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे सिद्धा गांव में कुछ लोग सतनाम सिंह के घर के पास एकत्र हुए और पथराव करने के साथ हवाई फायरिंग करने लगे।

इसकी सूचना सतनाम के भाई सोनू सिंह ने उन्हें दी। उस समय सतनाम अपने छोटे भाई कुलदीप सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में उनके चचेरे भाई कुलदीप सिंह उर्फ बंटी ने साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और सतनाम के सीने में गोली मार दी।

गोली लगने से सतनाम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने रुद्रपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

13 अक्टूबर को हुए विवाद के बाद से चल रही थी रंजिश

मृतक के भाई सोनू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 अक्टूबर को उनके चचेरे भाई कुलदीप सिंह उर्फ बंटी का अमन सिंह और प्रिंस सिंह से विवाद हुआ था। उस दौरान सतनाम के छोटे भाई कुलदीप सिंह ने दोनों पक्षों के बीच बचाव कराया था।

आरोप है कि तभी से बंटी उनसे रंजिश रखने लगा था। सोनू के अनुसार, शनिवार रात बंटी अपने साथियों के साथ उनके घर के पास पहुंचा और पथराव व फायरिंग करने लगा। इसकी सूचना मिलने पर सतनाम अपने छोटे भाई के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें घेरकर गोली मार दी गई।

चचेरे भाई समेत छह के विरुद्ध प्राथमिकी

पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और लखविंदर सिंह उर्फ लकी पुत्र बुढ़ सिंह निवासी सिद्धा, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नागरा पुत्र दयाल सिंह निवासी नोगजा, कोमल सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी बिडोरा मझोला, कमल सिंह पुत्र दयाल सिंह निवासी नोगजा और रमनदीप कौर निवासी सिद्धा नवदिया के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत की है।

घटना की सूचना पर नानकमत्ता कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट और खटीमा कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।

कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सितारगंज में लोडेड सरकारी राइफल लेकर प्रभारी कारापाल के आवास पहुंचा बंदीरक्षक, जान से मारने की धमकी का आरोप

यह भी पढ़ें- सितारगंज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का परचम, हरेकृष्ण मिस्त्री बने अध्यक्ष