सितारगंज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का परचम, हरेकृष्ण मिस्त्री बने अध्यक्ष
सितारगंज राजकीय पीजी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के हरेकृष्ण मिस्त्री अध्यक्ष चुने गए हैं।

HighLights
एबीवीपी के हरेकृष्ण मिस्त्री ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की
उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर भी एबीवीपी प्रत्याशी जीते
राजकीय पीजी महाविद्यालय में 68.50% छात्रों ने मतदान किया
जासं, सितारगंज। राजकीय पीजी महाविद्यालय सितारगंज के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी प्रत्याशी हरेकृष्ण मिस्त्री ने जीत दर्ज की है। देर शाम घोषित हुए चुनाव परिणाम में अभाविप के अध्यक्ष पद प्रत्याशी हरेकृष्णा मिस्त्री ने 830 मत हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंदन सिंह को शिकस्त दी। चंदन सिंह को 428 मत मिले।
चुनाव प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 11 पदों के लिए कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर अरुण प्रताप और कला संकाय प्रतिनिधि पद पर टुम्पा मालो निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव में कुल 68.50 प्रतिशत छात्रों ने मतदान किया।
उपाध्यक्ष पद पर राजपाल ने 1007 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गुरजीत को 227 मत मिले। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दीप्ति बैरागी को 588 और प्रेरणा धामी को 509 मत मिले। सचिव पद पर बिट्टू सिंह 873 मत पाकर विजयी रहे, जबकि कुमकुम बाईन को 314 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर नंदिनी राणा ने 779 मत हासिल किए, जबकि स्नेह सरदार को 143 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जितेंद्र सिंह धामी को 658 और योगेश राना को 548 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
