उत्तराखंड चुनाव: टिहरी की सभी 6 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी यूकेडी, 4 प्रत्याशियों की घोषणा
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) टिहरी जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जिसमें से चार सीटों पर प्रत्याशियों ...और पढ़ें

यूकेडी कार्यालय बौराड़ी में प्रेसवार्ता करते जिलाध्यक्ष डीडी पंत। जागरण
HighLights
यूकेडी टिहरी की सभी छह विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव।
चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा, दो पर मंथन जारी।
राष्ट्रीय दलों पर भ्रष्टाचार का आरोप, स्थानीय मुद्दों पर संघर्ष।
संवाद सहयोगी, नई टिहरी। उत्तराखंड क्रांति दल टिहरी जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। पार्टी ने चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, जबकि शेष दो सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन जारी है।
शुक्रवार को बौराड़ी स्थित यूकेडी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष डीडी पंत ने बताया कि उन्हें टिहरी विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके अलावा धनोल्टी से चंदन सिंह राणा, प्रतापनगर से पंकज व्यास और देवप्रयाग से पूर्ण सिंह कठैत को प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शेष दो विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
डीडी पंत ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व ने घोषित प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। यूकेडी स्थानीय मुद्दों के साथ ही टिहरी जिले की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और संगठन के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने उत्तराखंड का विकास करने के बजाय प्रदेश के संसाधनों का दोहन किया है।
प्रदेश में भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है और माफिया तंत्र हावी होता जा रहा है। सरकारों की नीतियों के कारण पलायन, बेरोजगारी और अन्य समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने जनता से राष्ट्रीय दलों के भ्रमजाल से बाहर निकलकर यूकेडी को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूकेडी की सरकार बनने पर स्थायी राजधानी के साथ ही सचिवालय को भी पहाड़ में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इससे पहाड़ी क्षेत्रों का विकास होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इस मौके पर यूकेडी के धीरज भट्ट, विमला बहुगुणा, भगवान सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।