विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड की टिहरी झील में उठाएं सस्ते दामों पर रोमांच का लुत्फ, ये है वॉटर स्पोर्ट्स की रेट लिस्ट

Published: Wed, 08 Apr 2026 03:33 PM (IST)Updated: Thu, 09 Apr 2026 07:22 AM (IST)

टिहरी झील का कोटी कॉलोनी बोटिंग प्वाइंट अब किफायती दरों पर रोमांचक वॉटर स्पोर्ट्स का केंद्र बन गया है। पर्यटक ...और पढ़ें

कोटी कालोनी बोटिंग प्वाइंट पर टिहरी झील में फ्लाई बोर्ड सहित वॉटर एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेते पर्यटक। जागरण

कोटी कालोनी बोटिंग प्वाइंट पर टिहरी झील में फ्लाई बोर्ड सहित वॉटर एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेते पर्यटक। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई टिहरी। जिला मुख्यालय नई टिहरी के कोटी कालोनी स्थित टिहरी झील बोटिंग प्वाइंट इन दिनों सस्ते दामों में वॉटर एडवेंचर का बेहतरीन केंद्र बनकर उभर रहा है। प्राकृतिक खूबसूरती से घिरी यह झील अब पर्यटकों को किफायती दरों पर रोमांचक वॉटर स्पोर्ट्स का अनुभव दे रही है, जिससे यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

टिहरी झील में पर्यटक अब बेहद कम कीमत में कई वॉटर स्पोर्ट्स एडवेंचर गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। यहां मात्र 300 रुपये प्रति व्यक्ति में मोटर बोट की सवारी कर झील की खूबसूरत वादियों का नजारा लिया जा सकता है। वहीं, आसमान में उड़ने जैसा अनुभव देने वाली पैरासेलिंग के लिए करीब 2500 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे। इसके अलावा रोमांच के शौकीनों के लिए फ्लाई बोर्ड जैसी हाई-एडवेंचर गतिविधि भी उपलब्ध है, जिसका शुल्क लगभग 3500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।

वॉटर स्पोर्ट्स की भरमार

टिहरी झील में पर्यटकों के लिए वॉटर स्पोर्ट्स की भरमार है। यहां आने वाले लोग बनाना राइड, जेट-स्की, मोटर बोट, पैरासेलिंग, बम्पर राइड, फ्लाई बोर्ड और क्रूज सहित कुल दस गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं। खास बात यह है कि ये सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं, जिससे पर्यटकों को अलग-अलग जगह जाने की जरूरत नहीं पड़ती। गंगा-भागीरथी बोट यूनियन और पर्यटन विभाग की ओर से सस्ते दामों पर इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने से क्षेत्र में पर्यटन को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। खासकर वीकेंड और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में युवा और परिवार यहां पहुंचते हैं।

टिहरी झील न केवल एडवेंचर के लिए मशहूर हो रही है, बल्कि यहां का शांत वातावरण, पहाड़ों से घिरी वादियां और साफ पानी इसे और भी खास बनाते हैं। यहां आने वाले पर्यटक रोमांच के साथ-साथ प्रकृति की खूबसूरती का भी आनंद ले सकते हैं। अगर आप भी कम बजट में एडवेंचर और नेचर दोनों का मजा लेना चाहते हैं, तो टिहरी झील आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है। यहां सस्ती दरों में मिल रही सुविधाएं इसे उत्तराखंड का उभरता हुआ एडवेंचर हब बना रही हैं।

गंगा-भागीरथी बोट यूनियन के संयोजक कुलदीप सिंह पंवार ने बताया कि आने वाले गर्मियों के दिनों में यूनियन की ओर से अलग-अलग गतिविधियों पर डिस्काउंट आफर भी जारी किया जाएगा। जिससे पर्यटकों को यहां आकर्षित किया जा सके।


कैसे पहुंचे टिहरी झील बोटिंग प्वाइंट
नई टिहरी और कोटी कालोनी सड़क मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। देहरादून और ऋषिकेश से यहां तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। ऋषिकेश से आने वाले पर्यटक चंबा पहुंचकर कोटी कालोनी रोड़ होते हुए कुल 70 किमी की दूरी तय कर कोटी कालोनी बोटिंग प्वाइंट तक पहुंच सकते हैं। जबकि देहरादून से आने वाले पर्यटक मसूरी से चंबा होते हुए भी आ सकते हैं। राजधानी से कम दूरी के कारण यह वीकेंड ट्रिप के लिए एक आदर्श डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।

यह है गतिविधियों की रेट लिस्ट

गतिविधि - रूपये प्रति व्यक्ति
1. मोटर बोट - 300
2. स्पीड बोट - 500
3. जेट स्की राइड - 500
4. जेट अटैक - 500
5. बम्पर राइड - 500
6. बनाना राइड - 500
7. वॉटर सर्फिंग - 700
8. पैरासेलिंग - 2500
9. शिकारा - 250
10. फ्लाई बोर्ड - 3500

यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने टिहरी लेक फेस्टिवल का किया शुभारंभ, बोले- एडवेंचर स्पोर्ट्स का ग्लोबल हब बनेगी टिहरी झील

यह भी पढ़ें- टिहरी झील में सी प्लेन उतारने की खुली राह, स्काई हाक कंपनी ने दिखाई है इसमें रुचि