गंगा आमंत्रण यात्रा देवप्रयाग से गंगासागर के लिए रवाना, पढ़िए पूरी खबर
नमामि गंगे के तहत आयोजित गंगा आमंत्रण यात्रा (नौका अभियान) को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रामकुंड देवप्रयाग से गंगा सागर के लिए रवाना किया।
नई टिहरी, जेएनएन। नमामि गंगे के तहत आयोजित गंगा आमंत्रण यात्रा (नौका अभियान) को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रामकुंड देवप्रयाग से गंगा सागर के लिए रवाना किया। अभियान का नेतृत्व विंग कमांडर परमवीर कर रहे हैं, जिसमें तीनों सेनाओं के 32 जवान भाग ले रहे हैं। वह 2155 किमी के इस अभियान को 34 दिन में पूरा करेंगे। जल शक्ति मंत्री भी देवप्रयाग से ऋषिकेश तक नौका अभियान में शामिल हुए।
यात्रा की शुभारंभ पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत ने कहा कि निर्मल गंगा अभियान को जनांदोलन का रूप दिए जाने की जरूरत है। गंगा में औद्योगिक व शहरी प्रदूषण रोकने के लिए युद्ध लडऩा होगा, तभी हम गंगोत्री से गंगा सागर तक गंगा को निर्मल बना सकेंगे। कहा कि जिन नदियों के तटों पर हमारी सभ्यताएं विकसित हुर्इं, वही नदियां आज प्रदूषित हैं। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से स्वच्छ गंगा अभियान में किए जा रहे योगदान की भी प्रशंसा की।
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश सरकार की ओर से जल शक्ति मंत्री का स्वागत करते कहा कि उत्तराखंड के 26 लाख छात्र-छात्राओं को स्वच्छ गंगा अभियान से जोड़ा जाएगा। गंगा की स्वच्छता के लिए प्रदेश में सीवरेज के अधूरे काम को पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने हर जिले में दो गंगा गांव बनाए जाने का भी आग्रह किया। गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने स्वच्छ गंगा अभियान में उत्तराखंड को प्राथमिकता दिए जाने पर जल शक्ति मंत्री का आभार जताया। विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने भी क्षेत्रीय जनता से स्वच्छ गंगा अभियान से जुड़कर अपना दायित्व निभाने की अपील की।
यह भी पढ़ें: देहरादून की रिस्पना नदी को नया जीवन देगा सौंग बांध, पढ़िए पूरी खबर
नमामि गंगे अभियान के महानिदेशक राजीव रंजन मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड में स्वच्छ गंगा अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। उन्होंने गंगा आमंत्रण यात्रा में तीनों सेनाओं के संयुक्त रूप से भाग लेने पर खुशी जताई। इस मौके पर राज्य परियोजना प्रबंधक ग्रुप नमामि गंगे उदय राज सिंह, कार्यकारी निदेशक राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन अशोक कुमार, कार्यकारी निदेशक वित्त रोजी अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष देवप्रयाग कृष्णकांत कोटियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर कैलासी देवी, जिलाधिकारी टिहरी वी.षणमुगम, एसएसपी पौड़ी डीएस कुंवर, वीरेंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: साबरमती की तर्ज पर 10 साल से चल रही रिस्पना-बिंदाल की सूरत संवारने की कवायद