बर्फबारी से बाबा केदार का अभिषेक, केदारनाथ धाम में जमी छह इंच बर्फ... भक्तों की भारी भीड़
केदारनाथ धाम और हिमालयी चोटियों पर गुरुवार से हो रही बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है, जहां धाम में छह इंच तक बर्फ जम गई है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। केदारनाथ धाम समेत हिमालयी चोटियों पर गुरुवार से हो रही बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी बर्फबारी हुई।

केदारनाथ धाम में करीब छह इंच तक बर्फ जम गई है, जबकि बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए लंबी कतारों में घंटों खड़े रहे। वहीं, जनपद के निचले क्षेत्रों में बारिश और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

गुरुवार सुबह से ही केदारनाथ धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई, जो शुक्रवार को भी जारी रही।

धाम पहुंचे देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के बीच हिमालय के मनमोहक नजारों का आनंद लिया, लेकिन उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना भी करना पड़ा। बर्फ की सफेद चादर से ढकी चोटियों के चलते क्षेत्र में सर्दियों की आहट तेज हो गई है।

बीते दिनों तक जनपद के निचले इलाकों में मौसम सामान्य बना हुआ था, लेकिन गुरुवार को बादलों की आवाजाही, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई। सुबह और शाम के समय ठंड अधिक बढ़ने से स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल भी बढ़ा दिया है।

बदलते मौसम का असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्रवास करने वाले भेड़पालकों पर भी पड़ने लगा है। बुग्यालों और जंगलों में भेड़-बकरियों के साथ रहने वाले पालकों ने बढ़ती ठंड और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए अपने पशुधन के साथ निचले इलाकों में स्थित गांवों की ओर लौटना शुरू कर दिया है।
