रुद्रप्रयाग हादसाः दुल्हन तो लाया सूरज, लेकिन साथ आया कभी न भूलने वाला दर्द
रुद्रप्रयाग में दूल्हा सूरज अपनी दुल्हन को घर तो ले आया, लेकिन बारात के साथ हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हुए, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और शादी की कोई रस्म नहीं मनाई गई।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बृजेश भट्ट, जागरण, रुद्रप्रयाग। दूल्हा सूरज अपनी दुल्हन को लेकर घर तो पहुंच गया, लेकिन साथ में ऐसा दर्द भी लेकर आया, जो शायद ही जिंदगीभर कभी भुलाया जा सके। जिस दिन घर में शहनाइयां गूंजनी थीं, जिस आंगन में नई बहू के स्वागत की तैयारियां होनी थीं और जिस गांव में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां आज मातम पसरा है।
बारात तो दुल्हन को लेकर लौटी, लेकिन उसके साथ तीन लोगों की मौत और अपनों के घायल होने का ऐसा जख्म आया, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। कुरछोला गांव से जखनोली के लिए बारात पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ रवाना हुई थी।
घर में शादी की खुशियां थीं। रिश्तेदार और ग्रामीण बारात की तैयारियों में जुटे थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि खुशियों का यह सफर कुछ ही देर में जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन जाएगा।
बारात को जखनोली पहुंचने के लिए अभी करीब दो किलोमीटर का सफर तय करना था, जबकि कुरछोला से घटनास्थल की दूरी करीब चार किलोमीटर थी। इसी बीच अर्जुन बैंड के समीप बारातियों से भरी इको अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और रेस्क्यू टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया। देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार और अपनों को खोने के दर्द में बदल गईं।
तमाम दुख और सदमे के बीच शादी की रस्में तो संपन्न हुईं और दुल्हन सूरज के घर भी पहुंच गई, लेकिन वहां स्वागत की खुशियां नहीं थीं। जिस घर में नई बहू के आने पर पकवान बनने थे, मेहमानों की आवभगत होनी थी और बारात का भोज होना था, वहां चूल्हे तक नहीं जले। न बारात का खाना बना और न ही शादी की कोई खुशी मनाई गई। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। दूल्हे के परिवार के लोगों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुरछोला के ग्राम प्रधान अजय सिंह ने बताया कि हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की रस्में तो पूरी हो गईं और दुल्हन भी घर पहुंच गई, लेकिन किसी के चेहरे पर खुशी नहीं है।
जिस दिन पूरे गांव में उत्सव होना था, उस दिन हर घर में दुख का माहौल है। बारात का खाना तक नहीं बना। यह हादसा पूरे गांव को जिंदगीभर याद रहेगा।
यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयागः अर्जुन बैंड हादसे ने उजाड़ी तीन परिवारों की खुशियां, शादी के घर में पसरा मातम
यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग में चारधाम ट्रेक और पंवालीकांठा बुग्याल का विकास, धार्मिक-साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा