रुद्रप्रयाग में चारधाम ट्रेक और पंवालीकांठा बुग्याल का विकास, धार्मिक-साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
चारधाम से जुड़े पारंपरिक पैदल ट्रेक और चट्टियों का विकास किया जाएगा, जिसमें रुद्रप्रयाग वन प्रभाग रणधार-पंवालीकांठा बुग्याल ट्रेक को दुरुस्त करेगा।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
चारधाम के पारंपरिक पैदल ट्रेक और चट्टियां होंगी विकसित।
रणधार-पंवालीकांठा बुग्याल ट्रेक को दुरुस्त करेगा वन प्रभाग।
धार्मिक और साहसिक पर्यटन को मिलेगा नया बढ़ावा।
बृजेश भट्ट, रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा से जुड़े पारंपरिक पैदल मार्गों, चट्टियों और प्राकृतिक धरोहरों को नए सिरे से विकसित करने की तैयारी है। इसी कड़ी में गंगोत्री से केदारनाथ धाम के बीच पारंपरिक पैदल मार्ग को विकसित करने और उस पर स्थित चट्टियों के संरक्षण की योजना पर शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है। वहीं, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की ओर से रणधार से पंवालीकांठा बुग्याल तक के ट्रेक को दुरुस्त किया जाएगा। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ ही साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रुद्रप्रयाग जिले में पड़ने वाला पारंपरिक मार्ग लगभग 28 किमी लंबा है, जो पंवालीकांठा क्षेत्र से त्रियुगीनारायण को जोड़ता है। इस मार्ग पर पीढ़ियों पहले रात्रि विश्राम के लिए बनी चट्टियां आज भी मौजूद हैं। इन्हें दुरुस्त करने के साथ ही मार्ग को विकसित करने की भी योजना है।
वहीं, उच्च हिमालयी बुग्यालों के संरक्षण, प्राकृतिक वनस्पति और जैव विविधता के संवर्धन को लेकर रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसी कड़ी में प्रभागीय वनाधिकारी विनीत कुमार के नेतृत्व में बीते माह एक टीम ने तीन दिन तक विभिन्न क्षेत्रों में करीब 60 किमी पैदल गश्त की।
इस दौरान टीम ने उत्तरी जखोली रेंज के अंतर्गत पंवाली कांठा, माटिया और राजखरक बुग्याल के साथ धारकुड़ी, लस्तरगाड और बधाणी क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान बुग्याल संरक्षण कार्यों की प्रगति, प्राकृतिक वनस्पतियों की स्थिति और वन्यजीवों के आवासों का निरीक्षण किया गया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी डा. दिवाकर पंत ने बताया कि गश्त के दौरान राज्य पक्षी मोनाल, हिमालयी भालू, लाल लोमड़ी, गुलदार व सांभर समेत विभिन्न वन्यजीवों की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं। यह क्षेत्र की समृद्ध जैवविविधता और अनुकूल प्राकृतिक आवास का प्रमाण है। इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी नई पहचान मिल सकेगी।
बताया कि वन विभाग की ओर से बुग्यालों में नियमित गश्त, संरक्षण कार्यों की निगरानी और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। रणधार से पंवालीकांठा बुग्याल तक ट्रेक को विकसित करने के साथ ही पारंपरिक चारधाम पैदल मार्ग और उन पर स्थित चट्टियों को संरक्षित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।