केदारनाथ धाम पहुंचीं अभिनेत्री रानी मुखर्जी, पूर्वजों की स्मृति में की विशेष पूजा-अर्चना
बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और श्राद्ध पक्ष के अवसर पर अपने पूर्वजों की स्मृति में विशेष पूजा-अर्चना की।
-1791468893416_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी जागरण, रुद्रप्रयाग। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने गुरुवार सुबह विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। श्राद्ध पक्ष के अवसर पर उन्होंने अपने पूर्वजों की स्मृति में विशेष पूजा-अर्चना कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया।
तीर्थ पुरोहित हिमांशु तिवारी एवं पंकज शुक्ला ने उन्हें विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई। केदारनाथ पहुंचने के बाद रानी मुखर्जी ने मंदिर में दर्शन किए और काफी समय धाम में बिताया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने केदारनाथ की प्राकृतिक सुंदरता और हिमालयी वातावरण का भी आनंद लिया।
-1791468917772.webp)
धाम की दिव्यता और आध्यात्मिक वातावरण को देखकर अभिनेत्री काफी प्रसन्न नजर आईं। रानी मुखर्जी ने कहा कि बाबा केदारनाथ की नगरी स्वर्ग के समान है। यहां पहुंचकर उन्हें मन की अपार शांति का अनुभव हुआ।
उन्होंने केदारनाथ धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा और वातावरण को अद्भुत बताया। तीर्थ पुरोहित हिमांशु तिवारी ने बताया कि पूजा के दौरान रानी मुखर्जी ने तीर्थ पुरोहितों से बातचीत की और धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों तथा यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
अभिनेत्री के केदारनाथ पहुंचने की खबर से स्थानीय लोगों और उनके प्रशंसकों में उत्सुकता रही। श्राद्ध पक्ष में पूर्वजों की स्मृति में की गई पूजा के साथ उनकी यह यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी रही।
यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग: केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रैकर्स लापता, खराब मौसम से हवाई सर्च रुकी
यह भी पढ़ें- चारधाम यात्री भरेंगे फर्राटा... रुद्रप्रयाग बाईपास प्रोजेक्ट पूरा, केदारनाथ और बदरीनाथ के बीच नहीं मिलेगा जाम
