वृद्ध की गला रेतकर हत्या, घर के अंदर रखे जेवरात और नगदी गायब
रुद्रप्रयाग जिले में एक वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी गर्इ। साथ ही घर में रखे जेवरात और नगदी भी गायब है। जिसके बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम पंचायत आगर में एक वृद्ध की उसके घर में ही गला रेत कर हत्या कर दी गई। घर के अंदर रखा सामान, सोने-चांदी के गहने व नकदी भी गायब है। परिजनों ने राजस्व पुलिस में गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। घटना के बाद से आरोपित फरार है।
गत सोमवार सुबह ग्राम सभा आगर दरवान सिंह (70 वर्ष) पुत्र स्वं मुकुंदा सिंह कमरे में मृत मिला। उनके मुंह व नाक से खून आ रहा था। गले में भी चोट के निशान थे। परिजनों के अनुसार सात अक्टूबर को सोने से पूर्व वह पूरी तरह से स्वस्थ थे। वहीं सुबह जब कमरे में परिजन चाय देने गए तो कपड़े और अलमारी में रखा सामान बिखरा हुआ था और वहां रखे सोने का गुलबंद व मंगलसूत्र और चांदी की पायल सहित आठ हजार रुपये गायब मिले। वृद्ध की पत्नी की करीब दस माह पूर्व मौत हो गई थी।
मृतक का बड़ा बेटा परिवार सहित दिल्ली में रहता है। जबकि छोटा बेटा गुप्तकाशी होटल में नौकरी करता है। मृतक के भतीजे लक्ष्मण सिंह ने राजस्व पुलिस को दी तहरीर में अपने चाचा की हत्या की आशंका जताते हुए गांव के राजबर सिंह को नामजद किया है। बताया कि सात अक्तूबर को उनसे मिलने के लिए राजबर सिंह उनके घर पर आया था। इस दौरान उसने चाचा को शराब भी पिलाई थी।
यहीं नहीं सुबह उसी ने मृतक के छोटे बेटे, जो गुप्तकाशी में किसी होटल में काम करता है, फोन कर घटना से जानकारी दी। जब घटना की सूचना राजस्व पुलिस को दी गई तो आरोपित फरार हो गया। इधर, सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक जग्गी-कांडई पंकज राणा व राजस्व उप निरीक्षक घिमतोली अमित राणा के साथ मौके पर पहुंचे कानूनगो चोपता जयप्रकाश ढिंगिया ने बताया कि घटनास्थल की जो स्थिति है, उससे यह हत्या का मामला है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपित ने वृद्ध के मुंह पर वार किया, साथ ही गला रेत कर हत्या की है।
तहरीर के आधार पर नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राजस्व पुलिस के अनुसार आरोपित के मोबाइल पर मंगलवार को संपर्क किया तो उसने बताया कि वह पुलिस में आत्मसमर्पण करने जा रहा है, लेकिन वह अभी तक नहीं पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने की पति की हत्या, शव को खाई में फेंका
यह भी पढ़ें: बाइक सवार युवकों ने टेंपो चालक को मारी गोली, गंभीर