विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, अब अगले 6 माह ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा के दर्शन

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:00 AM (IST)Updated: Thu, 12 Nov 2026 06:57 AM (IST)

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं, अब अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना और दर्शन ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे।

केदारनाथ धाम से रवाना होती बाबा केदार की उत्सव डोली सूवि

केदारनाथ धाम से रवाना होती बाबा केदार की उत्सव डोली सूवि

HighLights

  1. केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए।

  2. अगले छह माह पूजा ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में होगी।

  3. इस वर्ष रिकॉर्ड 19.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। सुनहरे मौसम और कड़ाके की ठंड के बीच केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में होंगी और श्रद्धालु यहीं बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

बुधवार को कपाट बंद होने के अवसर पर पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था।

वहीं बीते दिनों आसपास की पहाड़ियों पर बर्फबारी होने से धाम में मौसम काफी सर्द बना हुआ था, इसके बावजूद श्रद्धालुओं में बाबा के प्रति अटूट आस्था और उत्साह देखने को मिला। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत बुधवार तड़के 3:30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोला गया।

सुबह पांच बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी एवं आचार्य-वेदपाठियों की उपस्थिति में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया।

स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल एवं भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके पश्चात भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली सभा मंडप से बाहर मंदिर परिसर में लाई गई और सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच जय श्री केदार के उद्घोष के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई।

डोली बुधवार को प्रथम पड़ाव रामपुर पहुंच गई। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर को पंचमुखी डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी तथा 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी और श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

इससे पूर्व सात नवंबर को भगवान केदारनाथ के क्षेत्रपाल एवं रक्षक बाबा भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मंदिर समिति सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी एवं एसडीआरएफ के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

इस वर्ष रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आमद ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष साढ़े 19 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए।

उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा एवं देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- 'जय केदार, बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजा केदारनाथ, 5000 से ज्यादा श्रद्धालु बने साक्षी... शीतकाल के लिए कपाट बंद- तस्वीरें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।