विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रप्रयाग हादसाः तीन की मौत के बाद सड़क सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, तीव्र ढलान और खाई के बावजूद नहीं हुए सुरक्षा इंतजाम

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:33 PM (IST)

अर्जुन बैंड के पास बारातियों से भरी इको वाहन दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे हैं। तीव्र ढलान और गहरी खाई के बावजूद सुरक्षा इंतजामों की कमी थी, जबकि स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी को कई बार शिकायत की थी।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

सुरेश गोदियाल, जागरण, तिलवाड़ा। जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप बारातियों से भरी इको वाहन दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के बाद अब सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जिस स्थान पर यह दर्दनाक हादसा हुआ, वहां सड़क पर तीव्र ढलान और नीचे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस संवेदनशील स्थान पर क्रैश बैरियर और सुरक्षा दीवार लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को शिकायत की गई और जिलाधिकारी के जनता दरबार में भी मामला उठाया गया, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।

तिलवाड़ा-सूर्यप्रयाग-तैला मोटर मार्ग पर अर्जुन बैंड का हिस्सा दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है। यहां सड़क पर तीव्र ढलान होने के साथ ही एक ओर गहरी खाई है। ऐसे में वाहन अनियंत्रित होने पर सीधे खाई में गिरने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे स्टील क्रैश बैरियर अथवा मजबूत सुरक्षा दीवार होती तो वाहन को खाई में गिरने से रोकने या दुर्घटना की गंभीरता कम करने में मदद मिल सकती थी।

क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी और ग्रामीणों ने बताया कि अर्जुन बैंड पर पहले भी मोटरसाइकिल दुर्घटना हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी को इस स्थान पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की थी। बावजूद इसके विभाग ने इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।

जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने कहा कि सड़क किनारे सुरक्षा दीवार और क्रैश बैरियर लगाने के लिए कई बार पीडब्ल्यूडी को अवगत कराया गया, लेकिन मांग पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई लिंक मोटर मार्गों पर भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है। इससे वाहन चालकों और यात्रियों की जान जोखिम में बनी रहती है।

अर्जुन बैंड हादसे के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन तथा पीडब्ल्यूडी से मांग की है कि केवल इस स्थान ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के सभी संवेदनशील सड़क हिस्सों का सुरक्षा ऑडिट कराकर प्राथमिकता के आधार पर क्रैश बैरियर, सुरक्षा दीवार और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयागः अर्जुन बैंड हादसे ने उजाड़ी तीन परिवारों की खुशियां, शादी के घर में पसरा मातम

यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग हादसाः दुल्हन तो लाया सूरज, लेकिन साथ आया कभी न भूलने वाला दर्द

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।