Move to Jagran APP

ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों में मारपीट

पिथौरागढ़ जनपद के नाचनी में एक युवती की शादी में आयोजित महिला संगीत कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट हो गयी।

By JagranEdited By: Published: Mon, 30 Nov 2020 11:01 PM (IST)Updated: Mon, 30 Nov 2020 11:01 PM (IST)
ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों में मारपीट

संवाद सूत्र, नाचनी (पिथौरागढ़) : यहा नाचनी में एक युवती की शादी में आयोजित महिला संगीत कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों के बीच हाथापाई भी हुई। कुछ लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ डाले। इस मामले में ग्रामीणों को उकसाने पर ग्राम प्रधान के पति सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

बताया जा रहा है महिला संगीत कार्यक्रम के दौरान रात्रि करीब 11 बजे डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस बीच कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस वाहन पर पत्थर फेंक कर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना 25 नवंबर की बताई जा रही है। बताया जा रहा है नाचनी निवासी एक अनाथ युवती की ग्रामीणों द्वारा आपसी सहयोग से शादी कराई जा रही थी। 25 नवंबर रात्रि को महिला संगीत कार्यक्रम था। ग्राम प्रधान प्रेमा पिपलिया के पति गंगा सिंह पिपलिया के मुताबिक महिला संगीत में आसपास की महिलाएं शामिल थीं। इसी बीच कार्यक्रम स्थल में पुलिस कर्मी पहुंच गए। उन्होंने डीजे के तार निकाल कर डीजे बंद कर दिया। इसका ग्रामीण विरोध करने लगे। बाद में इसी विवाद में पुलिस और ग्रामीणों के बीच बहस होने लगी।

इसी बीच झगड़ा फसाद देख दुल्हन सदमे में बेहोश हो गई। यह माजरा देख कुछ ग्रामीण युवक उत्तेजित हो गए और युवकों और पुलिस कर्मियों के बीच हाथापाई हो गई। युवकों द्वारा ग्राम प्रधान प्रेमा पिपलिया को फोन पर घटना की जानकारी दी गयी। सूचना मिलते ही महिला ग्राम प्रधान प्रेमा पिपलिया मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान ने मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस वाहन पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। जिससे वाहन का शीशे टूट गए।

घटना को लेकर थानाध्यक्ष पीएस नेगी भी मौके पर पहुंचे और प्रधान पति गंगा सिंह पिपलिया को थाने बुलाया। बाद में पुलिस नरे गंगा सिंह पिपलिया व देवा पिपलिया समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। इस घटना के बाद नाचनी में तनाव बना हुआ है।

===========

पुलिस ने जबरन इस मामले में मुझे दोषी बनाया है। पुलिस महिला संगीत में रात्रि साढ़े नौ बजे पहुंच गई थी और रात्रि पौने ग्यारह बजे तक मौके पर रही। हंगामा इसके बाद हुआ। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई संदेहास्पद है। पीड़ित परिवार और ग्रामीण मिलकर महिला आयोग में शिकायत दर्ज करने जा रहे हैं।

-गंगा सिंह पिपलिया, प्रधान पति नाचनी

-----------

पुलिस रात्रि पौने ग्यारह बजे मौके पर पहुंची और डीजे बंद कराया। इस पर प्रधान पति ने लोगों को उकसाया और पुलिस वाहन पर हमला बोल दिया। पुलिस ने कुछ ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

-प्रताप सिंह नेगी, एसओ, नाचनी थाना


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.