ओटीपी नहीं बताया, फिर भी खाते से उड़ सकती है रकम... साइबर ठगी से बचाएगी मोबाइल की ये सेटिंग
साइबर ठग अब ओटीपी के बिना भी संदिग्ध लिंक और एपीके फाइलों से लोगों के खाते खाली कर रहे हैं। साइबर सेल ने इससे बचने के लिए मोबाइल में 'एडवांस प्रोटेक्शन' सेटिंग सक्रिय करने की सलाह दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। साइबर ठग अब लोगों के बैंक खाते खाली करने के लिए ओटीपी तक की जरूरत नहीं पड़ने दे रहे हैं।
मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक और अनजाने में डाउनलोड होने वाली खतरनाक एपीके फाइलों के जरिए भी साइबर अपराधी लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।
ऐसे मामलों को देखते हुए साइबर सेल ने लोगों को स्मार्टफोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क किया है। उन्होंने मोबाइल में एडवांस प्रोटेक्शन सेटिंग सक्रिय करने की सलाह दी है।
ओटीपी साझा किए बिना उनके खाते से रकम कैसे निकल गई?
साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी का कहना है कि कई बार साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को यह समझ नहीं आता कि ओटीपी साझा किए बिना उनके खाते से रकम कैसे निकल गई।
दरअसल अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध वेबसाइट से एपीके फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल में हानिकारक एप्लीकेशन इंस्टाल हो सकती हैं। इसके जरिए साइबर अपराधी मोबाइल की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करते हैं।
सेटिंग ऑन करने से कम होगा खतरा
स्मार्टफोन की सेटिंग में जाकर एडवांस प्रोटेक्शन सर्च कर इसे सक्रिय किया जा सकता है। यह सुविधा संदिग्ध लिंक, असुरक्षित वेबसाइट और अनजाने में डाउनलोड होने वाली हानिकारक फाइलों से बचाव में मदद करती है।
खासकर एसएमएस और वाट्सएप पर आने वाले अनजान लिंक को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। इंस्पेक्टर भाकुनी का कहना है कि ये सेटिंग अनजाने में होने वाली गलतियों से बचाव में मदद करती है, लेकिन हर तरह के साइबर हमले से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है।
जानबूझकर संदिग्ध वेबसाइट पर जाकर फाइल या एप्लीकेशन डाउनलोड करना खतरनाक साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन गेम में पाकिस्तानी लड़की से दोस्ती, 10 हजार का लालच और ओटीपी का खेल, बिहार के दो युवक गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- Aadhaar डिटेल्स दर्ज करने के बाद भी ओटीपी क्यों नहीं आ रहा? ऐसे ठीक करें अपनी समस्या