उत्तराखंड की नेपाल सीमा से सटे गर्ब्यांग एसएसबी कैंप में लगी भीषण आग, एक बैरक जलकर खाक
उत्तराखंड के धारचूला स्थित गर्ब्यांग में नेपाल सीमा से सटे एसएसबी कैंप में गुरुवार रात भीषण आग लग गई।
HighLights
गर्ब्यांग एसएसबी कैंप में गुरुवार रात भीषण आग लगी
बुखारी फटने से एक बैरक पूरी तरह जलकर खाक हुई
आग पर काबू पाया गया, कोई जनहानि नहीं हुई
संवाद सहयोगी, धारचूला । व्यास घाटी के नेपाल सीमा से सटे गर्ब्यांग स्थित एसएसबी कैंप में गुरुवार रात करीब आठ बजे भीषण आग लग गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैरक में लगी बुखारी फटने से हादसा हुआ, जिससे देखते ही देखते एक बैरक आग की चपेट में आ गई। लपटें दूर तक दिखाई दीं, स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के सिकरीगंज में खाद-बीज की दुकान में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का सामान राख
घटना से कैंप में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसबी, आईटीबीपी के जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट के सीओ ने घटना की पुष्टि की है और बुखारी फटना ही आग का कारण बताया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बड़ा हादसा, इंस्टामार्ट के गोदाम में भीषण आग; दमकल की गाड़ियां मौके पर
10 साल पहले भी एसएसबी की बैरक में भी लगी थी आग
दस वर्ष पूर्व इसी तरफ गुंजी में भी एसएसबी की बैरक में भी आग लगी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में आदि कैलाश यात्रा चल रही है। इस समय कानपुर के आसपास लोगों ने मकान भी और होमस्टे बना लिए हैं। जिनमें लोग रहते हैं।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगेश गर्बयाल ने सरकार से इस क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की यूनिट तैनात करने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र में होटल होमस्टे की संख्या बढ़ चुकी है आदि कैलाश यात्रा के चलते दिन में श्रद्धालु और पर्यटक रहते हैं। ऐसे में अग्नि सुरक्षा के लिए उपाय आवश्यक है।
