पिथौरागढ़ में अप्रैल के महीने में बर्फबारी और बारिश, मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान पहुंचा 2 डिग्री सेल्सियस
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस ...और पढ़ें
HighLights
पिथौरागढ़ में बारिश-बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट
मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस पहुंचा
अप्रैल में बर्फबारी से पर्यटन बढ़ने के आसार
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी से जिले भर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
उच्च हिमालयी चोटियों में जहां लगातार हिमपात हो रहा है, वहीं मध्य हिमालयी चोटी छिपलाकोट और मुनस्यारी के खलिया टॉप में टॉप से नीचे भुजानी तक हिमपात हुआ है, जिससे चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं।
व्यास घाटी में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छिलालेख, गर्ब्याल, नपलच्यु, गुंजी, नाबी, रोंगकोंग सहित दारमा घाटी के गांवों में भी हिमपात जारी है।

अप्रैल माह में बर्फबारी से पर्यटन बढ़ने के प्रबल आसार हैं। अप्रैल माह में पर्यटक ताजा बर्फ का दीदार कर सकेंगे।
रविवार को मुनस्यारी में दोपहर दो बजे से झमाझम बारिश का दौर जारी है। धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई है।
वहीं, जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में सुबह के समय बारिश हुई। इसके बाद दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही।

वर्षा व हिमपात से पूरा जिला ठंड की चपेट में है। तापमान में भारी गिरावट आ चुकी है। इसके चलते लोगों को एक बार फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। अप्रैल के महीने में हो रही इस बारिश और बर्फबारी ने मौसम को पूरी तरह से सर्द कर दिया है।
मुनस्यारी में खलिया द्वार क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि हुई, जिसके चलते बिटलीधार से लेकर बलाती तक सड़क ओलों के चलते सफेद नजर आयी। रविवार को भी मुनस्यारी में चार सौ के आसपास पर्यटक हैं। कुछ पर्यटक खलिया ट्रैक पर भी गए है। आने वाले दिनों में पर्यटन बढ़ने के आसार बन चुके हैं।

धारचूला से मिजी जानकारी के अनुसार निचले क्षेत्रों में काले बादल छाए रहे, जबकि ऊचाई वाले क्षेत्रो वर्षा हुई। सायं चार बजे से गुजी सहित सभी स्थानों पर हिमपात हो रहा है। जबिक कुटी गांव में पहले ही हिमपात हो चुका है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: पहाड़ों में वर्षा के आसार, मैदानी क्षेत्रों में छाए रहेंगे आंशिक बादल
यह भी पढ़ें- हेमकुंड साहिब यात्रा: बर्फबारी से सेना का दल घांघरिया में फंसा, कपाट खुलने से पहले चुनौती
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी से यात्रा तैयारियों पर संकट, पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित