विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुनस्यारी में दिखा अति दुर्लभ लाल सिर वाला गिद्ध, जैव विविधता को मिला नया प्रमाण

Published: Tue, 06 Oct 2026 04:08 PM (IST)

मुनस्यारी में अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध 2650 मीटर की ऊंचाई पर एक अति दुर्लभ और संकटग्रस्त 'रेड हेडेड वल्चर' (लाल सिर वाला गिद्ध) देखा गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुनस्यारी में 2650 मीटर ऊंचाई पर दिखा दुर्लभ रेड हेडेड वल्चर।

  2. संकटग्रस्त प्रजाति का यह गिद्ध कैमरे में हुआ कैद।

  3. यह sighting मुनस्यारी की समृद्ध जैव विविधता प्रमाणित करती है।

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। अपनी समृद्ध जैव विविधता और दुर्लभ हिमालयी पक्षियों के लिए विख्यात मुनस्यारी में अति दुर्लभ व संकटग्रस्त 'रेड हेडेड वल्चर' (लाल सिर वाला गिद्ध) देखा गया है। नगर से ऊपर तथा बलाती बैंड के नीचे पातलथौड़ क्षेत्र में करीब 2650 मीटर की ऊंचाई पर इस पक्षी को विचरण करते देखा गया।

उच्च हिमालयी भूभाग में इसकी मौजूदगी की तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए गए हैं। पक्षी एवं प्रकृति संरक्षण में जुटी मोनाल संस्था के सुरेंद्र पंवार, प्रकाश राणा और कविंद्र पंवार ने पातलथौड़ में इस दुर्लभ गिद्ध की गतिविधि को देखा। इस दौरान सुरेंद्र पंवार ने कैमरे से इसकी तस्वीरें लीं।

वैज्ञानिक भाषा में सार्कोजिप्स कालवस के नाम से पहचाना जाने वाला यह गिद्ध वर्तमान में गंभीर रूप से संकटग्रस्त की श्रेणी में शामिल है। पिछले कुछ दशकों में भारतीय उपमहाद्वीप में इस प्रजाति की संख्या में भारी गिरावट आई है।

जिले के निचले क्षेत्रों में इसके पुराने रिकॉर्ड तो मिलते हैं, किंतु मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में 2650 मीटर की ऊंचाई पर इसका फोटो और वीडियो के साथ दर्ज होना विशेष महत्व रखता है।

मोनाल संस्था के सुरेंद्र पंवार ने बताया कि मुनस्यारी बर्ड वाचिंग और नेचर टूरिज्म की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थल है। दुर्लभ रेड हेडेड वल्चर का इतनी ऊंचाई पर दिखना यहां की समृद्ध जैव विविधता को प्रमाणित करता है। इसका व्यवस्थित दस्तावेजीकरण भविष्य में पक्षी संरक्षण के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

यह भी पढ़ें- अरुणाचल पुलिस के जवान ललित जोशी को पिथौरागढ़ में सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, दिल का दौरा पड़ने से हुआ था निधन

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में अंतिम मतदाता सूची जारी, 3.43 लाख से अधिक वोटर, 2,141 नए नाम जुड़े