अरुणाचल पुलिस के जवान ललित जोशी को पिथौरागढ़ में सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, दिल का दौरा पड़ने से हुआ था निधन
अरुणाचल प्रदेश पुलिस में तैनात सिपाही ललित प्रसाद जोशी का पिथौरागढ़ में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, थल (पिथौरागढ़)। अरुणाचल प्रदेश पुलिस में तैनात थल तहसील के बत्यूली गांव निवासी 39 वर्षीय सिपाही ललित प्रसाद जोशी का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
रामगंगा नदी के त्रिवेणी घाट पर पिथौरागढ़ पुलिस की विशेष टुकड़ी ने उन्हें सशस्त्र गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनके बड़े भाई कमल किशोर ने भारी मन से चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें छलक उठीं।
जानकारी के अनुसार, ललित प्रसाद जोशी पुत्र रमेश चंद्र जोशी वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश की आईआरबी तीसरी बटालियन के तहत ईटानगर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। दो दिन पूर्व वहां ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ।

लगभग 19 साल पहले अरुणाचल पुलिस में भर्ती हुए ललित एक बेहद कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार जवान थे। जैसे ही उनके इस बलिदान का समाचार उनके पैतृक गांव बत्यूली पहुंचा, समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बलिदानी सिपाही अपने पीछे पत्नी बबीता जोशी और बेटे धैर्य जोशी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी व बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। त्रिवेणी घाट पर अंत्येष्टि के दौरान भारी संख्या में ग्रामीण व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे और नम आंखों से अपने माटी के लाल को अंतिम विदाई दी।
ललित जोशी के असामयिक निधन पर दीपक जोशी, जीवन बोरा, प्रवीण बोरा, प्रदीप जोशी, नवीन जोशी, विपिन जोशी, प्रेम प्रकाश जोशी और धर्म सिंह बोरा आदि ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में अंतिम मतदाता सूची जारी, 3.43 लाख से अधिक वोटर, 2,141 नए नाम जुड़े
यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़: मेतली गांव में सड़क नहीं, प्रसव पीड़ा में डोली बनी एंबुलेंस, 13 किमी का सफर करना पड़ा तय
