पिथौरागढ़ के ऋषभ पंत की ऊंची उड़ान, भारतीय वायुसेना में बने फ्लाइंग ऑफिसर
पिथौरागढ़ के महर्षि विद्या मंदिर के पूर्व छात्र ऋषभ पंत भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बन गए हैं। उन्होंने AFCAT परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है।

ऋषभ पंत
HighLights
ऋषभ पंत भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर नियुक्त हुए।
AFCAT परीक्षा में सफलता पाकर जनपद का नाम रोशन किया।
महर्षि विद्या मंदिर, पिथौरागढ़ के पूर्व मेधावी छात्र रहे।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जाजरदेवल, पिथौरागढ़ के पूर्व छात्र ऋषभ पंत ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया है।
ऋषभ ने एएफसीएटी (एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट) में सफलता प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
ऋषभ पंत वर्ष 2021 में महर्षि विद्या मंदिर से कक्षा 12 उत्तीर्ण कर चुके हैं। उनके पिता प्रयाग दत्त पंत कुमौड़ स्थित कैंट रोड पर पंत हार्डवेयर का व्यवसाय करते हैं, जबकि माता प्रतिभा पंत इसी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने ऋषभ को बधाई देते हुए कहा कि ऋषभ बचपन से ही अनुशासित, मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। विद्यालय में पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अनुशासन में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
ऋषभ की माता प्रतिभा पंत ने कहा कि बेटे की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। पिता प्रयाग दत्त पंत ने कहा कि ऋषभ ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है, हमें उस पर गर्व है। विद्यालय परिवार, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने ऋषभ को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।