विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिथौरागढ़: बाथरूम में पानी गर्म करते समय करंट लगने से महिला की मौत, सड़क न होने के कारण समय पर नहीं मिल सका इलाज

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:47 PM (IST)

पिथौरागढ़ के कभड़िया गांव में बाथरूम में पानी गर्म करते समय हीटर रॉड से करंट लगने से 60 वर्षीय वृद्धा खीमा देवी की दर्दनाक मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. कभड़िया गांव में हीटर रॉड से करंट लगने से 60 वर्षीय वृद्धा की मौत।

  2. सड़क न होने से महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।

  3. ग्राम प्रधान ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।

संवाद सूत्र, पिथौरागढ़। कभड़िया गांव में बाथरूम में पानी गर्म करते समय हीटर रॉड से करंट लगने के कारण 60 वर्षीय वृद्धा की दर्दनाक मौत हो गई। गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण परिजन महिला को करीब दो किलोमीटर तक पैदल उठाकर अस्कोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। वहां से 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को सीएचसी डीडीहाट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कभड़िया गांव निवासी खीमा देवी पत्नी प्रताप सिंह कुंवर सुबह नहाने के लिए रॉड से पानी गर्म कर रही थीं। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं। मृतका के पति प्रताप सिंह का कहना है कि गांव तक आज भी सड़क मार्ग नहीं पहुंच पाया है। यदि गांव में सड़क सुविधा होती, तो पत्नी को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाया जा सकता था।

खीमा देवी के तीन पुत्र हैं, जो रोजगार के सिलसिले में अरुणाचल प्रदेश में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है और उनके देर रात तक गांव पहुंचने की संभावना है। कल वृद्धा की अंत्येष्टि की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना पर ग्राम प्रधान अंकिता पाल ने गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, नीरज कुंवर, भूपेंद्र, अशोक, बिक्रम और बहादुर सिंह कुंवर आदि ग्रामीणों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ : 15000 फीट की ऊंचाई पर आस्था का सैलाब: बर्फ से ढके पार्वती सरोवर पहुंचे श्रद्धालु, 62000 से ज्यादा परमिट जारी