विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिथौरागढ़ की लाइफलाइन 20 घंटे से ठप: मुन्ना बैंड पर भूस्खलन से आवाजाही बाधित

Published: Sat, 26 Sep 2026 06:58 PM (IST)

पिथौरागढ़ की लाइफलाइन घाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुन्ना बैंड के पास 20 घंटे से अधिक समय से यातायात ठप है, जिससे यात्रियों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, जागरण, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ की लाइफलाइन कहे जाने वाले घाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुन्ना बैंड के पास 20 घंटे से अधिक समय से यातायात ठप है। पहाड़ी से लगातार गिर रहे बोल्डर और मलबे के कारण सड़क खोलने का काम बार-बार प्रभावित हो रहा है।

मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुन्ना बैंड के पास सड़क बंद होने से पिथौरागढ़ की ओर आने वाले ताजी सब्जियों, रसोई गैस और खाद्यान्न सामग्री से लदे वाहन भी फंस गए हैं।

लंबे समय से आवाजाही ठप होने के कारण जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। मार्ग बंद होने का असर दूरदराज की यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। हल्द्वानी, अल्मोड़ा, टनकपुर, बरेली और देहरादून जाने वाले यात्रियों को रास्ते में वाहन बदलकर अपनी यात्रा पूरी करनी पड़ी।

सड़क बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। यातायात पुलिस और प्रशासन की टीम यात्रियों को सुरक्षित तरीके से निकालने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है। एनएच ने सड़क खोलने के लिए तीन मशीनें मौके पर लगाई हैं।

मशीनों के जरिए मलबा और बोल्डर हटाने का काम लगातार जारी है। हालांकि, पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क खोलने में दिक्कत आ रही है। सड़क खोलने में जुटी टीम को भी लगातार खतरे के बीच काम करना पड़ रहा है।

बोल्डर गिरने का सिलसिला थमने के बाद ही मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से खोलने की स्थिति बन पाएगी। लोगों ने एनएच और जिला प्रशासन से यहां पर जल्द से जल्द सुरक्षात्मक कार्य कर आवाजाही शुरू कराने की मांग की है।

पैदल यात्रियों की सुरक्षा में एसडीआरएफ के जवान

मुन्ना बैंड के पास पैदल आवाजाही कर रहे लोगों की सुरक्षा को देखते हुए एसडीआरएफ के पांच जवान तैनात किए गए हैं। वहीं यातायात व्यवस्था संभालने और वाहनों को नियंत्रित करने के लिए घाट चौकी के छह जवान मौके पर डटे हुए हैं।

लाइफलाइन बंद, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित

घाट-पिथौरागढ़ मार्ग के लंबे समय तक बंद रहने से एक ओर जहां यात्री परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने से स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। फिलहाल एनएच की टीमें तीन मशीनों के साथ मार्ग खोलने में जुटी हैं। लोगों को अब सड़क के जल्द खुलने का इंतजार है।

घाट बैंड स्लाइड जोन पर प्रशासन अलर्ट

राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के घाट बैंड स्लाइड जोन में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

एडीएम ने एनएच अधिकारियों को मार्ग खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने और मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश रुकते ही दोनों ओर से मलबा हटाने तथा ऊपर से रैंप बनाकर सड़क साफ करने को कहा।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Fire News: पिथौरागढ़ होटल में लगी भीषण आग, 40 लाख का नुकसान और एक घायल

उन्होंने कहा कि एनएच-09 पिथौरागढ़ की लाइफलाइन है, इसलिए मार्ग को जल्द यातायात के लिए सुचारू किया जाए। साथ ही स्लाइड जोन के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड मौसम अपडेट: धूप से बढ़ा तापमान, चमोली-बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज हल्की बारिश के आसार