पिथौरागढ़ अस्पताल में सुनने की मशीन बेचने के आरोप, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने दिए जांच के निर्देश
पिथौरागढ़ के सरकारी अस्पताल में मरीजों को सुनने की मशीन बेचने के आरोप सामने आए हैं, जिसका एक ग्राहक के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है
HighLights
सरकारी अस्पताल में सुनने की मशीन बेचने के आरोप लगे।
ग्राहक से मशीन खरीद-फरोख्त का ऑडियो हुआ वायरल।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
संवाद सहयोगी, जागरण, पिथौरागढ़। सरकारी अस्पताल में सुनने की क्षमता की जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को मशीन बेचने के आरोप सामने आए हैं। मामले में एक ग्राहक के साथ कथित तौर पर मशीन की खरीद-फरोख्त को लेकर बातचीत का ऑडियो भी वायरल हो रहा है। प्रकरण सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जांच के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल में ऑडियोलॉजी के तहत मरीजों की सुनने की क्षमता की जांच की जाती है। इसके लिए ऑडियोलॉजिस्ट ऑडियोमेट्री प्रक्रिया के माध्यम से जांच करते हैं। जिला अस्पताल में तैनात एक ऑडियोलाजिस्ट आने वाले मरीजों को नंबर देने के साथ सुनने वाली मशीन की डील करता है।
मामले को लेकर एक ग्राहक के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद सरकारी अस्पताल में मरीजों की जांच और मशीनों की बिक्री की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों को जांच की सुविधा उपलब्ध कराने और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच नियमों का पालन सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके सिंह ने कहा कि कानूनन सरकारी अस्पताल में इस तरह ग्राहकों के साथ डील नहीं की जा सकती। उन्होंने मामले की जांच के लिए पीएमएस को निर्देश दिए हैं।
वहीं पीएमएस डा. डीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि अस्पताल परिसर में मशीन बेचने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और संबंधित गतिविधियां किन परिस्थितियों में संचालित हो रही थीं। जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
