विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड का 160 मीटर लंबा और 90 फीट गहरा 'पाताल', उतरा आस्था का ज्वार... बना भक्तों का नया रिकॉर्ड

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:18 AM (IST)Updated: Wed, 18 Nov 2026 11:19 AM (IST)

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित पाताल भुवनेश्वर गुफा ने इस वर्ष 75 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है।

गुफा के भीतर उभरी आकतियां।

गुफा के भीतर उभरी आकतियां।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

रमेश गड़कोटी, पिथौरागढ़ । उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में गंगोलीहाट से 14 किमी दूर स्थित विश्व प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर गुफा ने इस वर्ष एक नया इतिहास रच दिया है। इस वर्ष अब तक करीब 75 हजार श्रद्धालुओं ने गुफा के दर्शन किए हैं, जो अब तक की दर्शनार्थियों की सबसे बड़ी संख्या है।

स्कंद पुराण में वर्णित इस रहस्यमयी गुफा में आस्था का ऐसा ज्वार पहले कभी नहीं देखा गया। इस वर्ष आदि कैलास और पाताल भुवेश्वर पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या बराबर रही।

पाताल भुवनेश्वर गुफा अपने पौराणिक महत्व और विशिष्ट आकार-आकृति के चलते देश भर में प्रसिद्ध है। आध्यात्म और रोमांच से भरी इस गुफा के द्वार पर पहुंचते ही श्रद्धालु को लगता है जैसे वह किसी मंदिर नहीं, बल्कि धरती के गर्भ में उतर रहा हो।

160 मीटर लंबी और 90 फीट गहरी इस चूना पत्थर की गुफा में उतरने के लिए लोहे की जंजीरों का सहारा लेना पड़ता है। एक बार में एक ही व्यक्ति नीचे उतर पाता है। नीचे उतरते ही सामने होती है 33 कोटि देवी-देवताओं की शिलारूपी दुनिया।

त्रेता से कलियुग तक का इतिहास

मान्यता है कि त्रेता युग में सबसे पहले सूर्यवंशी राजा ऋतुपर्ण ने इस गुफा के दर्शन किए थे। हिरण का पीछा करते हुए वह गुफा में पहुंचे और शेषनाग के मार्गदर्शन में उन्होंने महादेव सहित 33 कोटि देवताओं के दर्शन किए। द्वापर युग में पांडवों ने यहां तपस्या की और भगवान शिव के साथ चौपड़ खेला।

कलियुग में आदि गुरु शंकराचार्य ने इस गुफा को पुनः खोजा और यहां तांबे का शिवलिंग स्थापित किया। तभी से यहां नियमित पूजा शुरू हुई। भंडारी परिवार की 20 से अधिक पीढ़ियां यहां पूजा-अर्चना करती आ रही हैं।

गुफा में चार द्वार बताए जाते हैं - रण द्वार, पाप द्वार, धर्म द्वार और मोक्ष द्वार। मान्यता है कि पाप द्वार रावण की मृत्यु के बाद और रण द्वार महाभारत युद्ध के बाद बंद हो गया। अब सिर्फ धर्म और मोक्ष द्वार खुले हैं।

गुफा में है पूरी सृष्टि

गुफा के अंदर केदारनाथ, बद्रीनाथ और अमरनाथ के शिलारूप दर्शन होते हैं। यहीं गणेश जी का आदि स्वरूप है। मान्यता है कि शिव जी ने क्रोध में गणेश का जो सिर काटा था, वह यहीं रखा है। उसके ऊपर 108 पंखुड़ियों वाला ब्रह्मकमल है, जिससे दिव्य जल की बूंद टपकती रहती है।

गुफा में शेषनाग के फन पर टिकी पृथ्वी, काल भैरव की जीभ, समुद्र मंथन से निकला पारिजात, ब्रह्मा का पांचवां मस्तक और चारों युगों के प्रतीक चार पत्थर भी हैं। मान्यता है कि कलियुग का प्रतीक पत्थर धीरे-धीरे ऊपर उठ रहा है। जिस दिन वह गुफा की छत को छू लेगा, उसी दिन कलियुग का अंत होगा।

विज्ञान की नजर से ये आकृतियां लाखों सालों में पानी के रिसाव से बने स्टैलेग्माइट और स्टैलेक्टाइट हैं। लेकिन आस्था की नजर से यही पूरी सृष्टि है।

बेहद अहम है पर्यटकों का बढ़ता आंकड़ा

पाताल भुवनेश्वर पहले सिर्फ कुमाऊं के लोगों तक सीमित था। अब यह आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा, चार धाम यात्रा के बाद कुमाऊं के बड़े आस्था केंद्र के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस वर्ष गुफा का प्रचार कर चुके हैं। इंटरनेट मीडिया पर गुफा के वीडियो प्रसारित होने के बाद देश भर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

गुफा के पुजारी नीलम भंडारी ने बताया कि इस वर्ष यह पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या अब तक 75 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। जबकि अगस्त से अक्टूबर तक गुफा में आक्सीजन लेबल कम हो जाने से दो माह तक गुफा में दर्शन बंद रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती भीड़ से होमस्टे, टैक्सी, दुकानों और गाइडों को रोजगार मिला है। गंगोलीहाट- बेरीनाग का पूरा बाजार इस गुफा से जुड़ा हुआ है।

अधर में लटका है आक्सीजन प्लाट लगाने का मामला

गुफा को वर्ष भर श्रद्धालुओं के लिए खुला रखने की मंशा से गुफा में आक्सीजन प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। गुफा क्षेत्र भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन है। ऐसे में गुफा क्षेत्र में कोई भी कार्य कराने के लिए विभाग की अनुमति जरूरी है।

आक्सीजन प्लांट के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली तो अगले वर्ष अगस्त और अक्टूबर माह में भी पर्यटक गुफा के दर्शन कर पाएंगे। क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय केंद्रीय पुरातत्व विभाग द्वारा लिया जाना है।

कब कितने श्रद्धालु दर्शनों को पहुंचे

पाताल भुवनेश्वर

  • वर्ष - श्रद्धालु
  • 2024 -40,000
  • 2025 -60000
  • 2026 -75000

आदि कैलास और ऊं पर्वत दर्शन यात्रा

  • वर्ष -यात्री
  • 2024 -29352
  • 2025 -36526
  • 2026 -76930

आक्सीजन की कमी से दो माह गुफा बंद रहते हैं दर्शन

मानसून काल में अगस्त मध्य से पाताल भुवनेश्वर गुफा में आक्सीजन का स्तर कम हो जाता है, जिससे कई यात्रियों को दिक्कत होती है। इसे देखते हुए अक्टूबर मध्य तक गुफा बंद रहती है। इसके लिए कोई तिथि निश्चित नहीं है। यह आगे-पीछे होती रहती है। मान्यता है कि मानसून काल में कम होने वाला आक्सीजन का लेवल नवरात्र शुरू होते ही स्वत: बढ़ जाता है। नवरात्र में गुफा दर्शनार्थियों के लिए खुल जाती है।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ की प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर गुफा में ऑक्सीजन की कमी, दो माह के लिए रहेगी बंद

यह भी पढ़ें- पाताल भुवनेश्वर गुफा: यहीं गिरा था पार्वती पुत्र गणेश का कटा हुआ सिर, पुराणों में भी है वर्णन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।