पाताल भुवनेश्वर गुफा: यहीं गिरा था पार्वती पुत्र गणेश का कटा हुआ सिर, पुराणों में भी है वर्णन
शिव जी द्वारा काटे जाने के बाद भगवान गणेश का सिर कहां गया? स्कंद पुराण के अनुसार, यह रहस्य उत्तराखंड की पाताल भुवनेश्वर गुफा में छिपा है। पढ़ें पौराणिक कथा।

पाताल भुवनेश्वर गुफा से जुड़ी पौराणिक कथा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हम सभी भगवान गणेश की वह प्रसिद्ध पौराणिक कथा जानते हैं कि कैसे उन्हें हाथी का सिर लगाया गया था और वे 'गजानन' कहलाए। लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि जब भगवान शिव ने गणेश जी का सिर काटा था, तो उनका वह मानव रूपी असली सिर कहां गया था? हिन्दू धर्म के ग्रंथों में इस रहस्य का भी उत्तर मिलता है।
हिंदू पौराणिक कथाओं, विशेष रूप से शिव पुराण के अनुसार, भगवान श्री गणेश का जन्म माता पार्वती के उबटन से ही हुआ था। माता पार्वती ने स्नान करने से पहले अपने शरीर के उबटन (मैल) से एक बालक का निर्माण किया और उसमें प्राण फूंक दिए।
माता पार्वती का आदेश
दरअसल, माता पार्वती जब स्नान करने जाती थीं, तो भगवान शिव के गण (जैसे नंदी) द्वार पर पहरा देते थे। लेकिन, वे भगवान शिव के प्रति इतने समर्पित थे कि शिव जी के आने पर उन्हें रोक नहीं पाते थे। माता पार्वती को लगा कि उनका अपना एक ऐसा सेवक होना चाहिए जो केवल उनकी आज्ञा का पालन करे। एक बार स्नान से पहले माता पार्वती ने अपने शरीर पर लगे हल्दी, चंदन और उबटन को छुड़ाया और उससे एक बालक की सुंदर आकृति बनाई। उन्होंने उस बालक को अपना पुत्र मानकर गणेश नाम दिया। माता ने गणेश को आदेश दिया कि जब तक वे स्नान कर रही हैं, वे द्वार पर पहरा दें और किसी को भी अंदर न आने दें।
कुछ समय बाद वहां भगवान शिव आए, लेकिन गणेश जी ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। शिव जी को यह नहीं पता था कि यह बालक कौन है और उनका ही पुत्र है। क्रोध में आकर भगवान शिव ने अपने त्रिशूल से बालक गणेश का सिर धड़ से अलग कर दिया।
कहां गिरा था गणेश जी का असली सिर?
जब माता पार्वती को यह पता चला, तो वे विलाप करने लगीं और क्रोधित हो उठीं। उनके क्रोध को शांत करने के लिए भगवान शिव ने एक हाथी के बच्चे का सिर गणेश जी के धड़ से जोड़कर उन्हें जीवित कर दिया। लेकिन, उनका जो असली कटा हुआ सिर था, वह एक रहस्यमयी गुफा में जाकर गिरा था। यह पवित्र स्थान देवभूमि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित है, जिसे आज 'पाताल भुवनेश्वर गुफा' के नाम से जाना जाता है।
स्कंद पुराण में मिलता है प्रमाण
इस चमत्कारिक गुफा का जिक्र हमारे प्राचीन धर्मग्रंथों में बहुत ही स्पष्ट रूप से किया गया है। स्कंद पुराण के 'मानसखंड' में यह बताया गया है कि भगवान शिव के गणेश जी का सिर काटने के बाद वह इसी पाताल भुवनेश्वर गुफा में गिरा था। आज भी इस गुफा में एक ऐसी प्राकृतिक चट्टान मौजूद है, जिसका आकार हूबहू गणेश जी के सिर जैसा दिखाई देता है।
गुफा का धार्मिक महत्व
मान्यता है कि इस गुफा में आज भी भगवान शिव अपने पुत्र गणेश के उस कटे हुए सिर की रक्षा करते हैं। गुफा के अंदर गणेश जी की मूर्ति (चट्टान) के ठीक ऊपर एक 108 पंखुड़ियों वाला कमल रुपी चट्टान है। इस कमल से पानी की बूंदें लगातार टपकती रहती हैं और सीधे गणेश जी के सिर वाली शिला पर गिरती हैं। इसे भगवान शिव का चमत्कार माना जाता है। पाताल भुवनेश्वर गुफा सिर्फ एक गुफा नहीं है, बल्कि यह सनातन धर्म की गहरी आस्था और हमारे पुराणों की सत्यता का एक जीता-जागता प्रमाण है।
यह भी पढ़ें- श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि पर्व का उत्सव श्री गणेश पूजन के साथ प्रारंभ
यह भी पढ़ें- गणेश जी ने सरस्वती नदी को क्यों दिया विलुप्त होने का श्राप, क्या है महाभारत की इस घटना का रहस्य?
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।