पिथौरागढ़: लखनपुर में आठ घंटे बाद खुली सड़क, भूस्खलन के कारण बाधित हो गया था आदि कैलाश यात्रा मार्ग
पिथौरागढ़ के लखनपुर में भूस्खलन के कारण आदि कैलाश यात्रा मार्ग आठ घंटे तक बाधित रहा, जिससे यात्री फंसे रहे। ...और पढ़ें
-1792149818059_m.webp)
HighLights
लखनपुर में भूस्खलन से आदि कैलाश यात्रा मार्ग बाधित।
सीमा सड़क संगठन ने आठ घंटे में मार्ग खोला।
यात्रियों को पहाड़ी रास्तों पर सतर्कता बरतने की अपील।
संवाद सहयोगी, धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाले और आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख मार्ग लखनपुर में शुक्रवार सुबह हुआ भूस्खलन यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया। हालांकि, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की तत्परता से आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर फंसे यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
पांगला पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे लखनपुर के पास पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने के कारण सड़क पूरी तरह से बंद हो गई थी। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही बीआरओ की टीम भारी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया।
आदि कैलास यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के वाहन मार्ग बंद होने से दोनों तरफ फंस गए थे। दोपहर करीब एक बजे बीआरओ ने मलबा हटाकर सड़क को सुचारु किया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही पुनः शुरू हो सकी। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सफर के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।
