विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुमाऊं स्काउट्स ने 18,300 फीट पर फहराया परचम, नंदा देवी बेस कैंप फतह कर जनसेवा का दिया संदेश

Published: Sun, 04 Oct 2026 11:26 PM (IST)

भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स की 20 सदस्यीय टीम ने 15 दिवसीय अभियान में 18,300 फीट ऊंचे नंदा देवी बेस कैंप को सफलतापूर्वक फतह किया।

News Article Hero Image

संवाद सूत्र, जागरण, पिथौरागढ़। भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स की 20 सदस्यीय टीम ने प्रतिष्ठित नंदा देवी बेस कैंप का 15 दिवसीय चुनौतीपूर्ण साहसिक अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

बीते 17 सितंबर से एक अक्टूबर तक चले इस अभियान के दौरान सेना की टीम ने 5,550 मीटर लगभग 18,300 फीट की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचकर अपने अदम्य साहस, शारीरिक क्षमता और दृढ़ संकल्प का बेहतरीन परिचय दिया।

हिमालयी भूभाग की अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और विपरीत मौसम का डटकर सामना करते हुए जवानों ने बेस कैंप तक पहुंचने के लिए एक तरफ की लगभग 55 किलोमीटर की दुर्गम दूरी तय की।

कुमाऊं स्काउट्स का यह विशेष अभियान केवल बेस कैंप फतह करने की चुनौती तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि सेना ने इस दौरान जनसेवा और प्रकृति प्रेम की अनूठी मिसाल भी पेश की।

अभियान के दौरान टीम ने रास्ते में पड़ने वाले दूरस्थ हिमालयी गांवों के निवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया। स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित इन दुर्गम ग्रामीण इलाकों में स्थानीय लोगों के लिए विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित कर दवाएं बांटी गईं।

इसके अतिरिक्त, सीमांत क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने की पहल भी की गई। जवानों ने स्थानीय समुदायों को हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति विस्तार से जागरूक किया।

साहस, सेवा और संरक्षण के मूल मंत्र पर आधारित यह अभियान पूरी तरह सफल रहा। कुमाऊं स्काउट्स ने इस अभियान के माध्यम से एक बार फिर भारतीय सेना की साहसिक भावना, जनसेवा और हिमालय के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़: मेतली गांव में सड़क नहीं, प्रसव पीड़ा में डोली बनी एंबुलेंस, 13 किमी का सफर करना पड़ा तय

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में अंतिम मतदाता सूची जारी, 3.43 लाख से अधिक वोटर, 2,141 नए नाम जुड़े