जौलजीबी मेले में हंगामा: चार गिरफ्तार, जल्द हो सकती है डीडीहाट कांग्रेस जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी
पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़ा विवाद। फाइल फोटो
HighLights
जौलजीबी मेले में विवाद के बाद चार आरोपी गिरफ्तार
धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़ा था यह मामला
पांचवें आरोपी मनोहर टोलिया की तलाश में दबिश जारी
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। जौलजीबी मेले के दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़े विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीडीहाट के कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मामले में राम सिंह रौकाया निवासी धारचूला , सौरभ मर्तोलिया, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और नृप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ये चार हुए गिरफ्तार
पुलिस ने नृप सिंह निवासी धारचूला, सौरभ मर्तोलिया, विक्रम दानू और राम सिंह रौकाया को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और तोड़फोड़ के आरोपों को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी भी घटनाक्रम के केंद्र में रहे। मामले ने तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मनोहर टोलिया की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें- 'मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं, मुझे नरबलि से भी गुरेज नहीं...', बयान पर घिरे कांग्रेस विधायक हरीश धामी
यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में बवाल पर बड़ी कार्रवाई, विधायक हरीश धामी समेत सात पर केस