आज सीएम धामी करेंगे ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन, छह साल बाद लगेंगी तिब्बती सामान की दुकान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन करेंगे, जिसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह मेला ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जौलजीबी। तीन देशों की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक जौलजीबी मेले के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को इस प्रसिद्ध मेले का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिन में डेढ़ बजे जौलजीबी मेले का उद्घाटन करेंगे। मेले को लेकर पूरा मेला स्थल पूरी तरह सजकर तैयार हो चुका है।
व्यापारियों ने अपने स्टॉल और दुकानें सजा ली हैं। महाकाली और गोरी नदी के संगम पर सजने वाले इस अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक और सांस्कृतिक मेले को लेकर सीमांत क्षेत्र के लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक यह मेला अपनी अनूठी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है।
प्रशासन और मेला समिति द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी उद्घाटन अवसर पर मौजूद रहेंगे। पुलिस व प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। आज से शुरू होने वाले इस मेले में रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक उत्पादों की खरीद-फरोख्त का दौर आरंभ होगा। इस बार छह साल बाद तिब्बती सामान की दुकानें रहेंगी।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री श्री धामी एक बजे एसएसबी हेलीपैड जोग्यूडा पहुंचेंगे। जहां से कार से मेला स्थल पर पहुंचेंगे। मेले का उद्घाटन कर समारोह को संबोधित करने के बाद 2 बजकर 20 मिनट पर हेलीकाप्टर से काशीपुर को प्रस्थान करेंगे।
नेपाल में संक्रांति को होगा मेले का उद्घाटन
जौलजीबी मेला मूलत: मार्गशीर्ष संक्रांति से आरंभ होता है। संक्रांति के बाद ही भारत और नेपाल के स्थानीय लोग मेले में प्रतिभाग करते हैं। भारत में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर से सरकारी स्तर पर मेले का उद्घाटन किया जाता है। वहीं मेले में 17 नवंबर के बाद चहल पहल होती है। नेपाल में संक्रांति के दिन मेले का शुभारंभ होगा। जहां पर मेले की तैयारियां होने लगी है।