विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भारत-नेपाल के पीएम करेंगे छारछुम 'मैत्री सेतु' का लोकार्पण'; पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर बोले CM धामी

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:00 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया, जहां उन्होंने भारत-नेपाल संबंधों और सांस्कृतिक एकता पर जोर दिया।

जौलजीबी मेले के भव्य उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

जौलजीबी मेले के भव्य उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

HighLights

  1. मुख्यमंत्री धामी ने जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया।

  2. भारत-नेपाल पीएम करेंगे छारछुम मैत्री सेतु का लोकार्पण।

  3. मेले के लिए मुख्यमंत्री ने दस लाख रुपये दिए।

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली और गोरी नदी के संगम स्थल पर सजने वाले ऐतिहासिक एवं पौराणिक जौलजीबी मेले का भव्य शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों, सांस्कृतिक एकता और आगामी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला भारत और नेपाल की साझा संस्कृति और आपसी आत्मीयता का अनूठा प्रतीक है। दोनों देशों की सांस्कृतिक पहचान एक है और यह आयोजन सदियों से हमारे गहरे द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूती देता आया है।

उत्तराखंड की माटी के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि केवल जमीन का एक टुकड़ा भर नहीं है, बल्कि इसे हमारे महान पूर्वजों ने अपने परिश्रम और बलिदान से सींचा है। इस पावन भूमि की रक्षा और इसके चहुंमुखी विकास के लिए हम सभी को पूरी निष्ठा से कार्य करना होगा।

सरकार ने हजारों हेक्टेयर भूमि से अतिक्रमण हटाया हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह दशक उत्तराखंड का दशक है। राज्य के विकास के इस महायज्ञ में उन्होंने सभी से अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में नेपाली अधिकारी भी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के मध्य सीमा पर काली नदी के ऊपर बनाए जा रहे छारछुम मोटर पुल (मैत्री सेतु) का लोकार्पण भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से करेंगे। इस सामरिक और व्यापारिक रूप से महत्वपूर्ण पुल के बनने से दोनों देशों के बीच आवागमन और व्यापारिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे।

मेले के शुभारंभ अवसर पर सीमांत क्षेत्र में भारी उत्सव का माहौल देखने को मिला। भारत और नेपाल के व्यापारियों द्वारा सजाए गए स्टॉल और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में दोनों देशों के नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री में स्थानीय घोषणाए करते हुए मेले के लिए दस लाख रुपए की घोषणा की। उदघाटन समारोह को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में नेपाल अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी के हंगामे के बाद सांस्कृतिक संध्या रद्द, जनता में रोष

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।