विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिथौरागढ़ में विधायक के बयान के बाद नरबलि देने अस्कोट से निकले भाजपा कार्यकर्ता, जौलजीबी में पुलिस ने रोका

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:28 PM (IST)

जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी के 'नरबलि' बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्कोट से उनके घर तक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. विधायक हरीश धामी के नरबलि बयान पर विवाद।

  2. भाजपा कार्यकर्ताओं ने बकरी संग विरोध यात्रा निकाली।

  3. पुलिस ने जौलजीबी में प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका।

संवाद सहयोगी, जागरण, पिथौरागढ़। जौलजीबी मेले के मंच पर हुए हंगामे और विधायक हरीश धामी के नरबलि वाले बयान के बाद राजनीति अब मंच से सड़क पर आ गई है। मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता एक अनोखी यात्रा लेकर अस्कोट से रवाना हुए। मंजिल थी - विधायक हरीश धामी का घर मदकोट। यात्रा का नारा था 'आओ, हमारी नरबलि कर लो।'

कार्यकर्ता अस्कोट से मदकोट के लिए रवाना हुए। हाथों में झंडे थे, मुंह पर नारे थे और साथ में एक बकरी लेकर यात्रा पर निकले कार्यकर्ताओं का कहना था कि विधायक हरीश धामी को बलि देने का बड़ा शौक है, तो पहले हमारी ही बलि ले लें।

बकरी इसलिए लाए थे कि अगर इंसान की बलि से मन न भरे, तो पशु बलि का भी इंतजाम साथ ही रहे। यात्रा का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता गोपू महर ने कहा कि विधायक अपनी कार्यशैली से दो देशों की संस्कृति के प्रतीक जौलजीबी मेले को बर्बाद करने पर उतारु हैं। व्यापारियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन भाजपा ऐसा होने नहीं देगी।

यात्रा जैसे ही जौलजीबी पहुंची, पुलिस ने माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर कार्यकर्ता वहीं सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने समझाबुझाकर कार्यकर्ताओं को वापस लौटाया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक का बयान सिर्फ एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि पूरे मेले का अपमान है। मेले में आए यात्रियों, दुकानदारों और होटल वालों के पेट पर लात मारने जैसा है। अगर मेले में हंगामा होगा, तो यात्री आएंगे ही नहीं और यात्री नहीं आएंगे, तो स्थानीय लोगों का रोजगार कैसे चलेगा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक धामी ने कहा था उन्हें नरबलि से गुरेज नहीं है। हम खुद ही आ गए हैं। अब वो ही बताएं, बलि कब देनी है? हम तैयार हैं, बकरी भी तैयार है।' यात्रा में कवींद देवली, मनोज मेहता, मनोज प्रसाद, विकास महर, मनीष धर्मशक्तू, उमेश महर,सिद्धार्थ महर आदि शामिल रहे।

फिलहाल जौलजीबी का मेला जारी है, लेकिन मंच की राजनीति अब बकरी और नरबलि तक पहुंच गई है। लोग कह रहे हैं - मेला तो हर साल लगता है, पर इस बार का मेला तो सबसे ज्यादा याद रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में रिवर राफ्टिंग की ट्रेनिंग जारी, युवाओं ने सीखे नदी में बचाव और आपदा प्रबंधन के गुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।