Published: Wed, 11 Sep 2024 04:57 PM (IST)
Uttarakhand Crime News उत्तराखंड के चंपावत से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती को उत्तर ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, चंपावत। Uttarakhand Crime News: लोहाघाट से गायब युवती को उत्तर पश्चिम दिल्ली निवासी आरोपित चोरी की स्कूटी से लेकर फरार हुआ था। आरोपित ने खुद का नाम, पहचान छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया और उसे लेकर उत्तर प्रदेश पहुंच गया। पुलिस ने दोनों को वृंदावन से बरामद किया है। चोरी की स्कूटी चंपावत में सड़क किनारे मिली।
पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में धोखे में रखकर यौन संबंध बनाने, पहचान छिपाकर छलने व पत्नी के जीवनकाल में रहते शादी के प्रयास की धाराएं जोड़कर आरोपित को जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में दुनिया की इकलौती जगह, जहां खिलते हैं 500 से अधिक प्रजाति के फूल; पर्यटकों की भीड़ का टूटा रिकॉर्ड
चार सितंबर को गायब हो गई थी 21 वर्षीय युवती
कालेज जाने को निकली 21 वर्षीय युवती चार सितंबर को गायब हो गई थी। स्वजन की तहरीर पर सात सितंबर को गुमशुदगी हुई। उसी दिन नगर के होटल व्यवसायी अमित जोशी ने स्कूटी चोरी होने के मामले में प्राथमिकी दी।
व्यापारी ने पिछले दिन होटल में ठहरे युवक पर स्कूटी चोरी का शक जताया था। सर्विलांस, सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने दोनों घटनाओं में 34 वर्षीय आसिफ खान पुत्र सुल्तान खान निवासी मोहल्ला सुल्तानपुरी, किरारी सुलेमाननगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली की संलिप्तता पाई।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: आज बागेश्वर में भारी से भारी बारिश का आरेंज अलर्ट, दून समेत सात जिलों में होगी तेज बरसात
सोमवार को पुलिस व एसओजी ने आरोपित आसिफ व युवती को वृंदावन से बरामद कर लिया। अभियुक्त के बैग से चोरी की स्कूटी की चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस मिला।
डीएल के आधार पर अभियुक्त की पहचान आसिफ के रूप में हुई। अभियुक्त की निशानदेही पर चंपावत के खूना बोहरा के पास झाड़ी में स्कूटी बरामद कर ली गई। मंगलवार को युवती के बयान हुए। आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है। युवती के बयान के बाद धाराएं बढ़ाई गई हैं। इंटरनेट मीडिया पर नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। - अजय गणपति, एसपी, चंपावत