उत्तराखंड का एक और लाल देश पर कुर्बान, बेसुध हालत में मां और पत्नी; एक महीने पहले ही लौटे थे घर से
उत्तराखंड का एक और लाल देश पर कुर्बान हुआ है। पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा(एलएसी) पर गोलीबारी के दौरान पौड़ी के रहने वाले सेना में सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गए। बीती रात स्वजनों को उनके बलिदान की खबर मिली।
पौड़ी गढ़वाल, जेएनएन। उत्तराखंड का एक और लाल देश पर कुर्बान हुआ है। पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा(एलएसी) पर गोलीबारी के दौरान पौड़ी निवासी सेना के सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गए। बीती रात स्वजनों को उनके बलिदान की खबर मिली, जिसके बाद से ही उनकी मां और पत्नी बेसुध हालत में हैं। आपको बता दें कि स्वतंत्र सिंह एक महीने पहले ही छुट्टी खत्म कर वापस लौटे थे।
पाकिस्तान की नापाक हरकत खत्म नहीं हो रही है। आए दिन पाकिस्तानी सैनिक सीमा पर अपनी अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ के शाहपुर किरनी और कस्बा सेक्टर में गोलाबारी कर दी। इसमें पौड़ी गढ़वाल(उत्तराखंड) के ओड़ियार गांव के रहने वाले सूबेदार स्वतंत्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सेना के चॉपर से ऊधमपुर के अस्पताल भेजा गया, जहां वे इलाज के दौरान शहीद हुए।
स्वतंत्र सिंह करीब एक महीने पहले ही घर से छुट्टी काटकर ड्यूटी पर वापस लौटे थे। बीती रात करीब साढ़े आठ बजे स्वजनों को उनके बलिदान की खबर मिली। स्वतंत्र सिंह के परिवार में उनकी माता, पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनके बलिदान की खबर मिलने के बाद से ही उनकी माता और पत्नी बेसुध हालत में है। ग्रामीण रात से ही स्वजनों को संभालने का प्रयास कर रहे हैं। बलिदानी स्वतंत्र सिंह की देह कब तक उनके आवास पर पहुंचेगी, इसकी अभी किसी को कोई जानकारी नहीं है।