बैकुंठ चतुर्दशी: श्रीनगर गढ़वाल के कमलेश्वर महादेव मंदिर में होगा 'खड़ा दीया अनुष्ठान', देश-विदेश से जुटे 209 दंपती
श्रीनगर गढ़वाल के कमलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर संतान प्राप्ति के लिए 'खड़ा दीया अनुष्ठान' आयोजित हो रहा है। इसमें देश-विदेश से 209 निसंतान दंपती शामिल हो रहे हैं, जो पूरी रात जलता दीपक लेकर शिव आराधना करेंगे।

HighLights
कमलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर खड़ा दीया अनुष्ठान।
संतान प्राप्ति हेतु 209 दंपती देश-विदेश से शामिल।
मंदिर की आस्था चार युगों से कायम, पौराणिक महत्व।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। भगवान शिव की भक्ति में युग बदल गए, लेकिन कमलेश्वर महादेव मंदिर की आस्था और परंपरा आज भी कायम है। मान्यता है कि चार युगों से यहां शिव आराधना हो रही है। सतयुग में भगवान विष्णु, त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने भी यहां भगवान शिव की पूजा की थी।
खास बात यह है कि श्रीकृष्ण अपनी पत्नी जामवंती के साथ यहां पहुंचे थे और खड़ा दिया अनुष्ठान किया था। इसी पौराणिक परंपरा से जुड़ा संतान प्राप्ति का अनुष्ठान आज भी बैकुंठ चतुर्दशी पर होता है। इस दिन सैकड़ों निसंतान दंपती पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर खड़े रहते हैं और भगवान शिव से संतान सुख की कामना करते हैं।
मंदिर के महंत श्री108 आशुतोष पुरी जी महाराज के अनुसार, कमलेश्वर महादेव की महिमा चारों युगों से जुड़ी है। मान्यता है कि भगवान विष्णु ने यहां सहस्र कमल पुष्पों से शिव पूजा की थी। एक कमल कम पड़ने पर उन्होंने अपना नेत्र अर्पित करने का संकल्प लिया। त्रेतायुग में रावण वध के बाद भगवान राम ने भी यहां शिव आराधना की थी। द्वापर में श्रीकृष्ण और जाम्बवती ने खड़ा दिया अनुष्ठान किया।
आज भी संतान कामना के लिए देशभर ही नहीं विदेशों में रहने वाले भारतीय भी संतान कामना के लिए अनुष्ठान में शामिल होते हैं। आज 23 नवंबर होने वाले खड़ा दीया अनुष्ठान में इस बार 209 दंपतियों ने पंजीकरण किया है।
ये दंपति उतराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा राज्य से हैं। साथ ही अमेरिका से भी एक प्रवासी भारतीय दंपति संतान कामना के लिए खड़ा दीया अनुष्ठान में शामिल होंगे।
122 फीट खुदाई के बाद भी नहीं हिला स्वयंभू शिवलिंग
मंदिर से जुड़ा 16वीं सदी का एक रोचक प्रसंग भी चर्चित है। बताया जाता है कि श्रीनगर गढ़वाल सहित आसपास के 64 गांवों के श्रद्धालु कमलेश्वर मंदिर में अन्न-धन भेंट करते थे। 18वीं सदी में गोरखाओं ने गढ़वाल पर आक्रमण किया।
इस दौरान गोरखा सैनिकों ने कमलेश्वर मंदिर पहुंचे और यहां एकत्रित अन्न-धन देखकर उन्होनेबस्वयंभू शिवलिंग उखाड़ने का प्रयास किया। लेकिन करीब 122 फीट खुदाई के बाद भी गोरखा सैनिक उसे हिला नहीं सके। बाद में उन्होंने जलेरी की मरम्मत कर मंदिर छोड़ दिया।
365 बातियां अर्पित कर मांगते हैं वर्षभर की सुख-समृद्धि
कमलेश्वर मंदिर श्रीनगर गढ़वाल में बैकुंठ चतुर्दशी पर एक ओर जहां निसंतान दंपती पूरी रात खड़े होकर खड़ा दीया अनुष्ठान से पंचाक्षरी मंत्र का जाप करते हैं। वहीं अन्य श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव को 365 बातियां अर्पित करते हैं।
मंदिर परिसर में स्वयंभू शिवलिंग के साथ गणेश, पार्वती, गंगा, सरस्वती और अन्नपूर्णा की प्रतिमाएं भी हैं। वर्ष 1922 में अंग्रेज अधिकारियों के अध्ययन में भी इसे गढ़वाल के प्रमुख पांच मंदिरों में शामिल किए जाने का उल्लेख मिलता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।