Kotdwar के ‘बाबा’ विवाद में राहुल गांधी की एंट्री, बोले- उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो... तुम बब्बर शेर हो
कोटद्वार में एक कपड़े की दुकान के नाम 'बाबा' को लेकर विवाद राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। बजरंग दल ...और पढ़ें

कोटद्वार में दुकान के नाम में 'बाबा' को लेकर हो रहे विवाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने एक्स पर पोस्ट किया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार में एक कपड़े की दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर शुरू हुआ विवाद अब स्थानीय स्तर से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंच गया है। बजरंग दल के विरोध, मारपीट और प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एंट्री ने मामले को और तूल दे दिया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर जिम संचालक दीपक कुमार के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। वे संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं—उस संविधान के लिए जिसे भाजपा और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। उन्होंने दीपक को “नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान” का जीवित प्रतीक बताया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर भी असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने लिखा कि नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास केवल एक जुमला है। हमें ऐसे और दीपकों की ज़रूरत है, जो न झुकें, न डरें और पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। अंत में उन्होंने लिखा— “हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।”
क्या है मामला
बुधवार 28 जनवरी को कोटद्वार के पटेल मार्ग स्थित एक कपड़े की दुकान का नाम ‘बाबा कट पीस सेंटर’ रखने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। इस दौरान दुकानदार और उसके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
बजरंग दल का प्रदर्शन
शनिवार 31 जनवरी को बजरंग दल के गोरक्षा दल के प्रांत प्रमुख नरेश उनियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पटेल मार्ग में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बुधवार को हुए घटनाक्रम के दौरान कुछ युवकों ने एक बुजुर्ग के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
- भीड़ बढ़ने पर पुलिस हरकत में आई और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मालवीय उद्यान की ओर बढ़ गए।
मालवीय उद्यान में बढ़ा तनाव
मालवीय उद्यान में घटनाक्रम के समय मौजूद जिम संचालक दीपक कुमार के पहुंचते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और दोनों पक्षों में झगड़े की नौबत आ गई। हालांकि पुलिस प्रशासन की तत्परता से टकराव टल गया।
इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे और दीपक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान और एएसपी चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया।
सोशल मीडिया पोस्ट हटवाई गई
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दीपक कुमार ने इंटरनेट मीडिया पर विवादित फोटो पोस्ट की थी। इसके बाद कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने दीपक को मौके पर बुलाकर उनकी सोशल मीडिया पोस्ट हटवाई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज
मामले में बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने, राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, दुकान स्वामी वकील अहमद की तहरीर पर स्वयं को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले कुछ युवकों के खिलाफ दुकान का नाम न बदलने पर धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ है।
इसके अलावा, विहिप कार्यकर्ता की तहरीर पर कुछ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में कहा गया कि वे धर्म रक्षा निधि को जनसंपर्क कर रहे थे। पटेल मार्ग में कुछ युवकों ने उन्हें जनसंपर्क करने से रोका और जान से मारने की नीयत से हमला किया। युवकों पर धनराशि छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
