विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रस्सियों पर बैलेंस, टनल में रोमांच… उत्तराखंड में बच्चों को मिलेगी साहसिक खेलों की सौगात

Published: Wed, 21 Oct 2026 05:24 PM (IST)Updated: Wed, 21 Oct 2026 05:26 PM (IST)

बच्चों के लिए 95 लाख रुपये की लागत से एक ईको एडवेंचर पार्क विकसित किया जा रहा है। यह पार्क ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मनोहर बिष्ट, पौड़ी। पहाड़ की पगडंडियों पर कदम बढ़ाने का साहस हो या रस्सियों पर संतुलन साधने की चुनौती, हर नया अनुभव बच्चों के भीतर छिपे आत्मविश्वास को जगाता है। अब पौड़ी के बच्चों को ऐसे ही रोमांच से रूबरू होने का अवसर मिलने जा रहा है।

जिला मुख्यालय में विकसित हो रहा ईको एडवेंचर पार्क बच्चों को खेल-खेल में साहस, संतुलन और एकाग्रता की परीक्षा लेने का मौका देगा। यहां प्लेट ब्रिज पर कदम बढ़ेंगे, कमांडो नेट पर हौसले की परख होगी और टनल क्रॉस करते हुए बच्चे चुनौतियों से आगे बढ़ना सीखेंगे।

जिला योजना के तहत करीब 95 लाख की लागत से तैयार हो रहे इस पार्क का निर्माण लघु सिंचाई विभाग पौड़ी की ओर से किया जा रहा है। वन पंचायत पौड़ी-कांडई की भूमि पर विकसित हो रहा यह पार्क बच्चों के मनोरंजन के साथ ही साहसिक गतिविधियों का नया केंद्र बनने की उम्मीद है।

पहाड़ों के प्राकृतिक परिवेश के बीच तैयार हो रही यह सुविधा पौड़ी में बच्चों के लिए एक अलग तरह का अनुभव लेकर आएगी।जिला मुख्यालय पौड़ी में ब्लाक कार्यालय परिसर के समीप वन पंचायत कांडई-पौड़ी की एक एकड़ क्षेत्र में ईको एडवेंचर पार्क विकसित हो रहा है।

पार्क में होंगी ये गतिविधियां

पार्क में प्लेंक ब्रिज, कमांडो नेट, वॉल क्रासिंग, लॉग टू लॉग, जिकजेक, जिप लाइन, मोगली वॉक, टायर क्लाइंबिंग, वॉल क्रॉसिंग, टनल क्रॉल और स्पेस वॉक जैसी गतिविधियां विकसित की जा रही हैं। इन खेलों में बच्चों को केवल शारीरिक कौशल ही नहीं दिखाना होगा, बल्कि संतुलन, धैर्य और एकाग्रता का भी परिचय देना होगा।

प्लेंक ब्रिज और मोगली वॉक पर संतुलन साधना बच्चों के लिए रोमांचक अनुभव होगा, वहीं कमांडो नेट और टायर क्लाइंबिंग उन्हें नई चुनौती से रूबरू कराएंगे। वॉल क्रॉसिंग और टनल क्रॉल जैसी गतिविधियां बाधाओं को पार करने का उत्साह जगाएंगी। इन खेलों के माध्यम से बच्चे अपनी क्षमताओं को पहचानने और मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य के साथ आगे बढ़ने का अनुभव हासिल कर सकेंगे।

लघु सिंचाई विभाग पौड़ी के अधिशासी अभियंता धीरज कुमार ने बताया कि ईको एडवेंचर पार्क का निर्माण एक एकड़ क्षेत्रफल में अंतिम चरण में चल रहा है। पार्क जिला योजना से डीएम स्वाति एस भदौरिया की पहल पर विकसित हो रहा है। जिसकी लागत 95 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि पौड़ी में बच्चों के लिए साहसिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित किए जाने और पर्यटन विकास की दिशा में यह पार्क मील का पत्थर साबित होगा।

मोबाइल की दुनिया से बाहर, खुले आसमान के नीचे खेल

पौड़ी: आज के दौर में बच्चों का काफी समय मोबाइल और डिजिटल मनोरंजन में बीतता है। ऐसे में ईको एडवेंचर पार्क जैसी पहल उन्हें खुले वातावरण में सक्रिय खेलों से जोड़ने का माध्यम बन सकती है। यहां बच्चे साथियों के साथ गतिविधियों में भाग लेकर सहयोग, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे गुण भी विकसित कर सकेंगे।

प्राकृतिक परिवेश के बीच तैयार हो रहा यह पार्क बच्चों को प्रकृति के करीब लाने का अवसर भी देगा। हालांकि इसकी वास्तविक उपयोगिता इस बात पर निर्भर करेगी कि गतिविधियों का संचालन बच्चों की उम्र और क्षमता के अनुरूप हो तथा सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

पार्किंग की सुविधा, सुरक्षा पर रहेगा जोर

पौड़ी: पार्क में करीब 10 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। साहसिक गतिविधियों के दौरान बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण होगी। इसके लिए उपकरणों का नियमित निरीक्षण, प्रशिक्षित कर्मियों की निगरानी और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी रहेगा। वहीं कैफे बच्चों के खाने की व्यवस्था के अनुरुप बनाया जाएगा। साथ ही शौचायल की सुविधा में मौजूद रहेगी।

पर्यटन के नक्शे पर पौड़ी को मिल सकती है नई पहचान

पौड़ी: ईको एडवेंचर पार्क का निर्माण पूरा होने और सुविधाएं शुरू होने के बाद यह बच्चों के साथ ही परिवारों के लिए भी नया आकर्षण बन सकता है। इससे पौड़ी में मनोरंजन के विकल्प बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

पर्यावरण संरक्षण का दे रहा है संदेश

पौड़ी: पार्क में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है। यहां जिस भूमि पर पार्क विकसित हो रहा है। वहां पेड़, पौधों के साथ अन्य स्थलीय वस्तुओं को यथावत रखा गया है। पेड़ों व भूमि की ढाल के अनुरुप ही पार्क को बनाया गया है।

पहले विवाद, उसके बाद सहमति बनी आधार

पौड़ी: पौड़ी में ईको एडवेंचर पार्क बनाए जाने की पहल का पहले वन पंचायत पौड़ी-कांडई के ग्रामीणों द्वारा विरोध किया गया। लेकिन जिला प्रशासन की पहल के बाद वन पंचायत व ग्रामीणों ने आम सहमति से पार्क निर्माण को आधार प्रदान किया। जो अब जल्द ही बच्चों के लिए साहसिक खेल व रोमांच की दुनिया का केंद्र बनने जा रहा है।

पौड़ी में ईको एडवेंचर पार्क का निर्माण बच्चों को साहसिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित व जागरुक किए जाने की दिशा में अहम कड़ी साबित होगा। इसके साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास, स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जाने को लेकर नए आयाम देगा। - स्वाति एस भदौरिया, डीएम पौड़ी

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में आजाद पार्क समेत 3 जगहों पर बनेंगे EV चार्जिंग सेंटर, पीडीए ने शुरू की कवायद

यह भी पढ़ें- मेरठ में 9 करोड़ की लागत से बनेगी बिल्डिंग, रजिस्ट्री कराने वालों को मिलेगी AC वेटिंग रूम, कैंटीन व पार्किंग की सुविधा