कोटद्वार दुकान विवाद: पुलिस खंगाल रही साजिश और सांप्रदायिक रंग देने की भूमिका
कोटद्वार में गणतंत्र दिवस पर दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद की पुलिस जांच कर रही है। यह ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोटद्वार। कोटद्वार में गणतंत्र दिवस के दिन पटेल मार्ग में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुआ विवाद अप्रत्याशित था अथवा सोची-समझी साजिश? क्या किसी साजिश के तहत युवाओं के दो गुटों को आमने-सामने खड़ा कर दिया गया?
कोटद्वार में गणतंत्र दिवस के मौके दुकान का नाम बदलने को लेकर उठे विवाद को किस तरह सांप्रदायिक रंग दिया गया, पुलिस अब ऐसे सवालों के जवाब तलाशने में जुट गई है।
मामले से जुड़े लोगों को नोटिस भेज उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे घटनाक्रम के बाद चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
कोटद्वार में 26 जनवरी के दिन दुकान के नाम को लेकर जो विवाद हुआ, उसकी नींव पहले ही रखी जा चुकी थी।
सूत्रों की मानें तो घटना के कुछ दिन पूर्व से ही कुछ युवा इस दुकान में जाकर दुकान का नाम बदलने के लिए कह रहे थे। चर्चा यह भी है कि कुछ समय पूर्व ही इस दुकान को अन्य स्थान से इस स्थान पर शिफ्ट किया था।
ऐसे में इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि किसी आपसी रंजिश के तहत युवाओं को बार-बार दुकान की ओर भेजा जा रहा था।
बताया जा रहा है कि बार-बार की धमकियों से परेशान दुकान स्वामी ने 26 जनवरी को इन युवकों को समझाने के लिए अपने परिचितों को दुकान पर बुला दिया।
बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में बहस हुई व मामला मारपीट तक जा पहुंचा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करवा दिया।
हैरानी की बात तो यह है कि 26 जनवरी को हुए विवाद के बाद भी पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई।
जब 31 जनवरी को बाहरी क्षेत्रों से आए युवाओं ने नगर में जुलूस-प्रदर्शन व चक्का जाम किया व दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ का प्रयास किया तो मामला पूरी तरह राजनीतिक तूल पकड़ गया।
इसके बाद से लगातार बयानबाजी हो रही है व बाहरी क्षेत्रों के नेता कोटद्वार पहुंच रहे हैं। मामला शांत होने के बाद अब पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
मामले से जुड़े लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। साथ ही पुलिस कई अनसुलझे सवालों के जवाब तलाशने का प्रयास कर रही है।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। जांच में जो भी दोषी होंगे, उनके कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रमोहन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, कोटद्वार
यह भी पढ़ें- पेज व्यूज बढ़ाने के चक्कर में कर दिया ऐसा काम, कोटद्वार के 'मोहम्मद' दीपक से जुड़ गया बिहार के युवक का नाम
यह भी पढ़ें- कोटद्वार में दुकान विवाद के बाद दीपक कुमार को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
यह भी पढ़ें- कोटद्वार 'बाबा' विवाद: कम हो रहा तनाव, अब एसआइटी करेगी जांच
