कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ चुनाव में हाईवोल्टेज ड्रामा, यतिन पांडे बने निर्विरोध अध्यक्ष
कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ चुनाव में हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद हल्द्वानी एमबी कॉलेज के यतिन पांडे निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। ...और पढ़ें
HighLights
यतिन पांडे कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के निर्विरोध अध्यक्ष बने।
उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर भी निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
जागरण संवाददाता, नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के चुनाव में हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद हल्द्वानी एमबी कालेज के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि यतिन पांडे को अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इससे पहले सुबह पुलिस प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था बनाये रखने व मतदाता विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों के बंधक होने के आधार पर चुनाव टालने के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र के बाद बवाल हो गया।

इसके साथ ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने आत्मदाह की चेतावनी दी तो खलबली मच गई। फिर आनन फानन में संशोधित चुनाव अधिसूचना जारी की गई और दस बजे से शुरू नामांकन प्रक्रिया एक घंटे की देरी से 11 बजे से शुरू हुई। देर शाम परिणामों की घोषणा के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई।
दरअसल, हल्द्वानी एमबी कालेज से विश्वविद्यालय प्रतिनिधि निर्वाचित हुए यतिन पांडे छात्र महासंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी थे। बताया जाता है कि उनके समर्थन में तय मत से अधिक थे। इसके बाद अभाविप की ओर से पाण्डे को अधिकृत प्रत्याशी घोषित होने का दावा किया गया था।
अध्यक्ष पद पर किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया तो फलस्वरूप बिना मतदान के उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इस तरह हरमिटेज भवन के आसपास अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच महासंघ चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई।
चुनाव अधिकारी डा. मनोज कुमार आर्या व अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की ओर से जारी सूचना के अनुसार उपाध्यक्ष पद पर राजकीय महाविद्यालय सितारगंज के जितेंद्र सिंह धामी, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की सुपर्णा भक्त, एचएनबी पीजी कालेज खटीमा के संचित सिंह सचिव जबकि पीएनबी पीजी कालेज रामनगर के भुवन जोशी निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने गए।
इससे पहले एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद पर जीते यतिन को अपना अधिकृत प्रत्याशी होने का दावा किया गया, जिसे अध्यक्ष सहित अन्य समर्थकों ने नकार दिया।
यह भी पढ़ें- नैनीताल के नवीन टम्टा एशियन गेम्स में बने मुक्केबाजी टीम के ऑब्जर्वर
यह भी पढ़ें- नैनीताल के बेतालघाट महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव: चार पद खाली, सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय
