panchayat election पहाड़ पर जमकर बरसे वोट, पिथौरागढ़ में 63.04 व चंपावत में 64.40 प्रतिशत हुआ मतदान
पहाड़ पर विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी जनता ने लोकतंत्र के पर्व में जमकर भागीदारी की। वाहन पैदल या फिर डोली में अधिकांश लोग मतदान के लिए घरों से निकले।
पिथौरागढ़/चंपावत, जेएनएन : पहाड़ पर विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी जनता ने लोकतंत्र के पर्व में जमकर भागीदारी की। वाहन, पैदल या फिर डोली में अधिकांश लोग मतदान के लिए घरों से निकले। यह सीजन फसल की कटाई, मड़ाई का है। अधिकांश लोग कृषि से जुड़े हुए हैं। बावजूद इसके मतदान केंद्र पर देर शाम तक लंबी लाइन देखने को मिली। पिथौरागढ़ के बेरीनाग और गंगोलीहाट विकास खंडों में दो चार छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान सम्पन्न हो गया है। दोनों विकास खंडों में कुल वोटिंग प्रतिशत 63.04 रहा। वहीं, चंपावत के लोहाघाट ब्लाक के 76 मतदेय स्थलों में 66.88 फीसद तथा बाराकोट ब्लाक के 50 मतदेय स्थलों में 60.93 फीसद मतदान हुआ। कुल मतदान प्रतिशत 64.40 रहा। वोटिंग के मामले में आधी आबादी आगे रही। पिथौरागढ़ में महिलाओं ने 71 फीसद मतदान किया, वहीं पुरुषों का मतदान प्रतिशत 55.30 रहा।
पिथौरागढ़ : जिले में दूसरे चरण में बेरीनाग और जिले की सबसे बड़े विकास खंड गंगोलीहाट में मतदान था। मतदान सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुआ। सुबह से ही कुछ बूथों पर लाइन लग गई थी तो कुछ बूथों पर दोपहर के बाद भीड़ लगी। अलबत्त्ता प्रत्येक दो घंटे की अवधि में मतदान का प्रतिशत लगभग समान चलता रहा। गंगोलीहाट के सात बूथों पर लंबी लाइन होने से देर तक मतदान चला तो रौतेड़ा बूथ पर विवाद के चलते सायं साढ़े सात बजे तक मतदान चलता रहा। अधिकांश मतदान केंद्रों पर पांच बजे तक मतदान चला। मतदान में बुजुर्ग, महिला और युवाओं में उत्साह रहा। काफी संख्या में बुजुर्ग और दिव्यांग भी मतदान के लिए पहुंचे। दिव्यांग मतदाता के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने से नाराजगी भी दिखी।
चम्पावत : जिले में मतदान के लिए सुबह से ही मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। अधिकांश बूथों में पुरुषों के मुकाबले महिला वोटरों की संख्या ज्यादा देखी गई। मतदान प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चली। कई बूथों में मतदान केन्द्रों के अंदर दाखिल हो चुके मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण निर्धारित समय से अधिक देर तक मतदान चलता रहा। लोहाघाट ब्लाक में पहले तीन घंटे में 11 बजे तक 15.41 फीसदी, दो बजे तक 34.77 फीसदी, सायं चार बजे तक 59. 21 प्रतिशत मतदान हो चुका था। जबकि बाराकोट ब्लाक में 11 बजे तक 13.98, दो बजे तक 29.45 तथा सायं चार बजे तक 52. 53 फ सदी मतदाता वोट डाल चुके थे। बूथों में सुबह के समय महिलाएं एक साथ टोली बनाकर वोट देने के लिए निकलीं। ग्राम प्रधान, बीडीसी और जिपं सदस्य का चुनाव लड़ प्रत्याशियों ने बीमार और बुजुर्ग मतदाताओं को पोंिलंग बूथ में लाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मदद की। पोलिंग समाप्त होने के दो घंटे बाद से नजदीकी बूथों से मतपेटियां ब्लॉक मुख्यालय में बने स्ट्रांग रूम में पहुंचनी शुरू हो गई थी।
यह भी पढ़ें : panchayat election दूसरे चरण में कोटाबाग निकला आगे, 77.75 फीसद हुआ मतदान