panchayat election दूसरे चरण में कोटाबाग निकला आगे, 77.75 फीसद हुआ मतदान
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को संपन्न हो गया। वोट डालने में कोटाबाग ब्लॉक के ग्रामीण सबसे आगे रहे। यहां 77.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया!
भीमताल, जेएनएन : पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को संपन्न हो गया। वोट डालने में कोटाबाग ब्लॉक के ग्रामीण सबसे आगे रहे। यहां 77.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि धारी में 74.56 प्रतिशत और रामगढ़ ब्लॉक में 71.11 प्रतिशत मतदान हुआ। सभी जगह शांतिपूर्वक वोट डाले गए। अब 16 अक्टूबर को तीसरे चरण का मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उम्मीदवार अपनी जीत-हार का गणित लगाने में लग गए हैं।
शुक्रवार को पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान था। तीनों ब्लाकों में 105739 मतदाता हैं। सर्वाधिक मतदाता कोटाबाग में थे। यहां 51056 वोटर थे। वहीं रामगढ़ में 30584 और धारी में 24099 मतदाताओं को प्रत्याशियों को चुनने का जिम्मा मिला था। इस चरण में धारी, रामगढ़ और कोटाबाग में 137 ग्राम प्रधान पद के लिए प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 73 बीडीसी सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। विकासखंड रामगढ़ में आठ ग्राम प्रधान, कोटाबाग में चार और धारी में सात ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशियों का पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है। धारी में ग्राम प्रधान का एक पद अब भी रिक्त है। धारी में सदस्य ग्राम पंचायत के 313 पदों के सापेक्ष 66 नामांकन प्राप्त हुए थे, जो सभी निर्विरोध निर्वाचित हैं। उधर, कोटाबाग में सदस्य ग्राम पंचायत के 464 पदों के सापेक्ष 232 निर्विरोध चुना जाना पहले ही तय हो गया था। यहां आठ ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले गए। विकासखंड रामगढ़ में सदस्य ग्राम पंचायत के 435 के सापेक्ष 151 नामंकन प्राप्त हुए थे, ये सभी भी निर्विरोध ही मैदान में हैं।
शुरू में सुस्त, दोपहर बाद मतदान ने पकड़ी रफ्तार
भीमताल : विकासखंड धारी में प्रतिशत मतदान हुआ। सवेरे आठ बजे से प्रारंभ मतदान में सवेरे के समय कम लोग मतदान करने पहुंचे। धीरे-धीरे मतदान प्रतिशत बढऩे लगा। कुल 74.56 फीसद मतदान हुआ। यहां 17 हजार 969 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रारंभ के 2 घंटे 10 बजे तक ब्लाक में 14.71 प्रतिशत मतदान ही हो पाया। 10 बजे तक 24100 में से मात्र 3546 मतदाता ही वोट करने आये। बाद के 2 घंटे में मतदान प्रतिशत 33.78 प्रतिशत पहुंच गया। 12 बजे तक 8140 मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर चुके थे। वहीं दोपहर के 2 बजे ब्लाक में मतदान का प्रतिशत 49.45 रहा। 2 बजे तक 11918 मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। दोपहर बाद वोट डालने के लिए मतदाता खुलकर बाहर निकले और 2 घंटे के अन्तराल में मतदान प्रतिशत 65.09 पहुंच गया। चार बजे तक 15687 मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर चुके थे। अंत के एक घंटे में भी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की कतार लगी हुई थी। शाम तक धारी में कुल 74.56 प्रतिशत मतदान हुआ।
21 हजार 749 लोग पहुंचे मतदान केंद्र तक
भीमताल : विकासखंड रामगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 71.11 प्रतिशत मतदान हुआ। 21 हजार 749 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। सवेरे के समय से ही मतदान स्थल में मतदाताओं की कतार देखी गयी जो बाद में और बढ़ गयी। नए मतदाताओं पहली बार मताधिकार के प्रयोग को लेकर खासे उत्साहित थे। अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि चुनने के लिए घंटों लाइन लगे रहे। सवेरे 8 बजे से 10 बजे के मध्य 14.51 प्रतिशत मतदान हो पाया। कुल 30585 मतदाताओं के सापेक्ष 2 घंटे के बीच 4438 मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर चुके थे। वहीं बाद के दो घंटों यानी दस से 12 के बीच यहां मतदान का प्रतिशत 32.25 पहुंच गया। यहां 2 बजे तक मतदान प्रतिशत 48.63 पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : देवड़ा गांव पहुंचे विस उपाध्यक्ष चौहान का ग्रामीणों ने किया विरोध, बोले चुनाव प्रभावित करने आए हैं