देवड़ा गांव पहुंचे विस उपाध्यक्ष चौहान का ग्रामीणों ने किया विरोध, बोले चुनाव प्रभावित करने आए हैं
अल्मोड़ा जिले के भैंसियाछाना ब्लॉक के देवड़ा गांव पहुंचे विधानसभा उपाध्यक्ष एवं विधायक रघुनाथ सिंह चौहान का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। हंगामे का वीडियो भी वायरल हुआ है।
अल्मोड़ा, जेएनएन : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दूसरे चरण के मतदान की पूर्व संध्या खासी चर्चाओं में रही। अल्मोड़ा जिले के भैंसियाछाना ब्लॉक के देवड़ा गांव पहुंचे विधानसभा उपाध्यक्ष एवं विधायक रघुनाथ सिंह चौहान का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। हंगामे का वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें कुछ लोग विधायक का हाथ पकड़ कर वापस लौटने का इशारा व तकरार साफ नजर आ रही। शोरशराबा बढऩे पर विस उपाध्यक्ष को लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले विपक्षी दल के कार्यकर्ता थे जो नशे में थे। इधर कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि माहौल प्रभावित करने के मकसद से प्रचार थमने के बावजूद विधायक गांव जा पहुंचे।
दरअसल, अन्य तीन विकासखंडों के साथ भैंसियाछाना ब्लॉक में भी शुक्रवार को जिला, क्षेत्र, प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए शुक्रवार को दूसरे चरण का मतदान होना था। सूत्र बताते हैं कि बीती रात करीब आठ बजे विधायक रघुनाथ सिंह चौहान सुरक्षा कर्मियों को लेकर देवड़ा गांव पहुंचे। इसकी भनक लगने पर कुछ ग्रामीण विधायक से उलझ गए। आरोप लगाया कि चौहान गांव में चुनावी माहौल प्रभावित करने की मंशा से आए।
इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो गया। इसमें विधायक चौहान ग्रामीणों से यह पूछते सुनाई दे रहे कि क्या वह विधायक होने के नाते गांव में नहीं आ सकते। दूसरी ओर विरोध पर उतरे ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि प्रचार तो थम चुका। फिर विधायक जी कहां से आ गए। कुछ लोग अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी कर गए। वहीं कांग्रेसियों ने कहा कि विधायक सत्ता का गलत इस्तेमाल कर चुनावी माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से देवड़ा गांव गए। बहरहाल, विधायक के विरोध का मामला चर्चाओं मेें रहा।
व्यक्तिगत काम से गया था ना किया प्रचार करने
रघुनाथ सिंह चौहान, विधायक ने बताया कि मैं देवड़ा गांव में किसी खास से मिलने उसके घर गया था। हंगामा करने वाले नशे में थे। वे लोग खुद प्रचार कर रहे थे। अराजकता करने लगे तो मैं लौट आया। हमने वीडियो भी बनाया है। चिह्निïत कर मुकदमा दर्ज कराऊंगा।
चैहान जी का आना कई सवाल खड़े करता है
पूरन सिंह रौतेला, कांग्रेस नगर अध्यक्ष का कहना है कि प्रचार अभियान थमने के बावजूद विधानसभा उपाध्यक्ष व अल्मोड़ा विधायक देवड़ा गांव में प्रचार को पहुंच गए। चौहान जी का गांव में रात के वक्त जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। हो सकता है मतदाताओं को प्रलोभन देकर माहौल प्रभावित करने की योजना रही हो।