विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनीताल हाई कोर्ट ने पलटी 20 साल की सजा, दुष्कर्म का आरोपी बरी... कहा- 'जज गवाह नहीं बन सकता'

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:21 AM (GMT+05:30)

नैनीताल हाई कोर्ट ने चंपावत जिला कोर्ट द्वारा सुनाई गई 20 साल की सजा रद्द करते हुए दुष्कर्म के आरोपी को बरी कर दिया है।

नैनीताल हाई कोर्ट. File Photo

नैनीताल हाई कोर्ट. File Photo

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नैनीताल। हाई कोर्ट ने करीब पांच साल पहले चंपावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में मानसिक रूप से बीमार युवती से दुष्कर्म करने व वीडियो प्रसारित होने के सनसनीखेज मामले में अभियुक्त को बरी करते हुए चंपावत कोर्ट से सुनाई गई 20 साल की सजा रद कर दी है।

इस मामले में टिप्पणी करते हुए कोर्ट ने कहा कि जज गवाह नहीं बन सकता, अगर बनता है तो उसे जिरह के लिए खुद को पेश करना होगा।

न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी व न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने मामले में निर्णय देते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष अपना आरोप संदेह से परे साबित नहीं कर सका, इसलिए अपीलकर्ता को संदेह का लाभ दिया गया है। 26 अगस्त 2021 को टनकपुर रोडवेज बस स्टेशन में मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ दुष्कर्म का वीडियो प्रसारित होने के बाद एसडीएम की ओर से पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए गए।

20 साल कठोर कारावास व एक लाख रुपये जुर्माना

पुलिस जांच में पूरा मामला खुला, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपित दिनेश चौड़ाकोटी, निवासी सूखीढांग, व महिला से दुष्कर्म करने का वीडियो प्रसारित करने के अपराध में अजय टम्टा, निवासी टनकपुर, के विरुद्ध मामला दर्ज किया। ट्रायल कोर्ट ने आरोपित को दुष्कर्म का दोषी करार देते हुए 20 साल कठोर कारावास व एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुर्माना नहीं देने पर दो साल अतिरिक्त सजा का आदेश पारित किया था।

ट्रायल कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध अभियुक्त की ओर से हाई कोर्ट में अपील दायर की गई। अभियुक्त की ओर से अधिवक्ता अमित कापड़ी ने कोर्ट को बताया कि घटना का कथित वीडियो खुली अदालत में नहीं चलाया गया और सत्र न्यायाधीश ने वीडियो अपने चैंबर में देखकर खुद ही निष्कर्ष निकाल लिया।

आरोपित का बयान भी दर्ज नहीं किया गया जिससे उसे सफाई का मौका तक नहीं मिला। इस मामले में खंडपीठ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जज गवाह नहीं बन सकता, अगर बनता है तो उसे जिरह के लिए खुद को पेश करना होगा। कोर्ट ने कहा कि शुरुआती गिरफ्तारी ही संदिग्ध है तथा मेडिकल और एफएसएल की रिपोर्ट अभियुक्त से नहीं जुड़ती है। सत्र न्यायाधीश ने चैंबर में वीडियो देखकर खुद को गवाह के स्थान पर रख लिया जो कानून के अनुसार नहीं है।

कोर्ट ने यह भी कहा कि केवल किसी दस्तावेज को कोर्ट में दाखिल कर देने से उसकी सच्चाई साबित नहीं हो जाती, बल्कि उसे कानून के अनुसार साबित करना जरूरी है। हाई कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए सजा का आदेश रद कर दिया और अभियुक्त को बरी कर दिया।

यह भी पढ़ें- देहरादून चाय बागान पर नैनीताल हाई कोर्ट का फैसला, जमीन की बिक्री-ट्रांसफर पर लगी रोक

यह भी पढ़ें- बेलबाबा में नैनीताल हाई कोर्ट शिफ्टिंग का प्रपोजल रद, अब हल्द्वानी के मदनपुर और बेरीपड़ाव में देखी जा रही जमीन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।