घर में आने वाले करंट लीकेज की भी जानकारी देता है Smart Meter App, ऐसे करें बिल बचत
स्मार्ट मीटर अब घरों में बिजली की बचत के साथ-साथ करंट लीकेज की भी जानकारी देंगे, जिससे उपभोक्ता बड़े हादसों से बच सकेंगे।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
चयन राजपूत, हल्द्वानी। घरों में लगने वाले बिजली के स्मार्ट मीटर न केवल ऊर्जा बचत के लिए उपयोगी साबित होंगे, बल्कि स्मार्ट मीटर के जरिए करंट लीकेज की भी जानकारी मिल सकेगी।
इसके लिए कुमाऊं के उपभोक्ताओं को प्ले स्टोर से यूपीसीएल स्मार्ट विद्युत कुमाऊं एप डाउनलोड करनी होगी। इस एप के जरिए उपभोक्ताओं को घर में करंट लीकेज (अर्थिंग) का भी अपडेट मिल जाएगा। इससे उपभोक्ता बड़ी अनहोनी टाल सकते हैं।
करंट लीकेज, बिल बचत जैसे ऑप्शन
दरअसल, एप में करंट लीकेज, बिल बचत जैसे ऑप्शन हैं, जिसके जरिए घर पर अर्थिंग चेक की जा सकती है। ऊर्जा निगम से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 16 लाख उपभोक्ताओं के वहां स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक दो लाख से अधिक लोगों ने स्मार्ट मीटर लगा लिए हैं।
वहीं नैनीताल जिले की बात करें तो एक लाख 88 हजार 516 उपभोक्ताओं के वहां स्मार्ट मीटर लगने हैं। हालांकि इस व्यवस्था के विरोध के चलते कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने से परहेज कर रहे हैं। जिसके चलते जिले में सिर्फ 87 हजार 916 उपभोक्ताओं के वहां ही स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं।
स्मार्ट मीटर के इंजीनियर इंचार्ज ईई डीडी पांगती ने बताया कि स्मार्ट मीटर की एप से उपभोक्ता बिजली खपत की पल पल की जानकारी, मोबाइल की तरह रिचार्ज समेत कई सुविधाएं दी गई हैं।
फ्रिज में करंट लीकेज होने से एक वर्षीय बच्चे की हुई मौत
मई में राजपुरा के टनकपुर रोड में फ्रिज के नीचे से करंट लगने पर एक वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। वह घर में गेंद से खेल रहा था, गेंद फ्रिज के नीचे पहुंच गई थी। जिसपर फ्रिज में अर्थिंग (करंट लीकेज) आने से वह करंट की चपेट में आ गया था।
मई में ही एफटीआइ (फारेस्ट रिसर्च सेंटर) में 14 वर्षीय किशोर की लोहे के कूलर से करंट लगने से मौत हो गई थी। वह शाम को अपने भाई के साथ खेलकर घर लौटा था। गर्मी लगने पर उसने कूलर चलाने के बाद उसे छू लिया, जिससे उसे एकदम झटका लग गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
सेंसर युक्त स्मार्ट मीटर के कई फायदे हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह लोगों के घरों में करंट लीकेज की भी जानकारी देता है। कई बार घरों में करंट लीकेज के चलते बड़े हादसे हो जाते हैं। स्मार्ट मीटर का एप डाउनलोड करने से उपभोक्ताओं को करंट लीकेज की जानकारी मिलेगी। - पीसी ध्यानी, प्रबंध निदेशक, ऊर्जा निगम
यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर पर बिजली की खपत कैसे करें कंट्रोल? मोबाइल ऐप करेगा मदद
यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर में बार बार डिफरमेंट चार्ज कटने से हैं परेशान तो ऐसे घर बैठे बढ़ाएं बिजली लोड
