अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विशेष : पहले ज्ञान से सींचा भविष्य अब योग से संजो रहे धरोहर
सेवानिवृत्त शिक्षक मोहन राम ने ड्यूटी पर रहते देश का भविष्य यानी बच्चों को ज्ञान बांटा। अब वह धरोहर यानी बुजुर्गों को योग सिखा कर उन्हें निरोग बना रहे हैं।
रुद्रपुर, बृजेश पांडेय : सेवानिवृत्त शिक्षक मोहन राम ने ड्यूटी पर रहते देश का भविष्य यानी बच्चों को ज्ञान बांटा। अब वह धरोहर यानी बुजुर्गों को योग सिखा कर उन्हें निरोग बना रहे हैं। उनकी निश्शुल्क योग व ध्यान की क्लास में रोजाना सौ से अधिक लोग प्रशिक्षण लेते हैं।
रुद्रपुर के ग्रीन पार्क निवासी मोहन राम संजय नगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। 2016 में चोट लगने के बाद उनके एक पैर में रॉड पड़ गई। इसी दौरान योग की बात उनके दिमाग में आई और दिल्ली के भारतीय योग संस्थान से प्रशिक्षण लिया। स्वयं योग करते हुए विशेष प्रकार के रोगों से मुक्ति पाने के गुर भी सीखे। इससे उनके पैर की तकलीफ भी ठीक हो गई। उन्हें विचार आया कि इस तरह की दिक्कतों के चलते बुजुर्गवार भी परेशान रहते है। बुजुर्गों को योग की ओर दिशा देने के लिए ग्रीन पार्क में निश्शुल्क योग सिखाने लगे। वर्तमान में उनसे जुड़ कर करीब 200 लोग सुबह और शाम योग कर रहे हैं। 60 से अधिक महिलाएं और करीब 100 बुजुर्ग जो 75 वर्ष आयु तक के हैं, उन्हें विभिन्न प्रकार के आसन, प्राणायाम व ध्यान का पाठ पढ़ा रहे हैं। यही नहीं जरूरत पडऩे पर बुजुर्गों का भारतीय योग संस्थान रिसर्च सेंटर दिल्ली में निश्शुल्क उपचार भी कराते हैं। योग के माध्यम से साइनस, पेट, आंख, नाक, कान आदि के रोग से कई लोग निजात भी पा चुके हैं। मोहन ने दूरस्थ शिक्षा से नेचुरोपैथी की भी डिग्री ली है। जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है।
तीन निश्शुल्क योग शिविर से कर रहे सेवा
मोहनराम ने लोगों की सेवा और योग से निरोग बनाने का लक्ष्य बना लिया है। इसके लिए तीन योग शिविर का संचालन कर रहे हैं। पहला ग्रीन पार्क, वसुंधरा कॉलोनी और तपस्या विहार में शिविर खोल रखा है, ताकि लोगों को खासकर बजुर्गों को परेशानी न हो और योग सीख सकें। एक और सेंटर खोलने की तैयारी भी कर रहे हैं।
योग से स्वयं को ठीक करने के बाद इसे ही जीवन का अहम हिस्सा बना लिया है। वरिष्ठ हो या युवा सभी को योग का पाठ पढ़ाएंगे। योग करने के बाद लोगों से जो सकारात्मक बातें सुनने को मिलती है उससे ऊर्जा और बढ़ती है। -मोहन राम, सेवानिवृत्त शिक्षक, संजयनगर उच्चतमर प्राथमिक विद्यालय, रुद्रपुर
यह भी पढ़ें : समूचे उत्तराखंड में दिखेगा रविवार को होने वाला वलयाकार सूर्यग्रहण, 99 फीसद तक ढका रहेगा सूर्य