Three Nepalese civilians murdered तीन नेपाली श्रमिकों की हुई शिनाख्त, साथी अन्य मजदूर व महिला पर जताया जा रहा हत्या करने का शक, दोनों हैं फरार
जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर मड़धूरा गांव में तीन नेपाली मजदूरों की नृशंस हत्या कर दी गई।सभी मजदूरों की शिनाख्त हो गई है। वहीं घटना के बाद से साथी मजदूर व महिला फरार हैं।
पिथौरागढ़, जेएनएन : जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर मड़धूरा गांव में तीन नेपाली मजदूरों की नृशंस हत्या कर दी गई। धारदार हथियारों से उनके जननांग तक काट दिए गए थे। सभी मजदूरों की शिनाख्त हो गई है। वहीं घटना के बाद से साथी मजदूर व महिला फरार हैं, जिन पर हत्या का शक जताया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैली है। शुक्रवार रात घटी वारदात का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
मारे गए श्रमिकों की पहचान हरे बोहरा (36) निवासी पुरचौंडी नगरपालिका दहतालिका जिला बैतड़ी, नेपाल, बीरा बोहरा (27) वर्ष निवासी पुरचौंडी नगरपालिका बैतड़ी और काशी बोहरा (36) निवासी भटना तड़ीखेत नेपाल के रूप में की गई है। इनमें दो मजदूर इस क्षेत्र में सड़क निर्माण में डेढ़ वर्ष से मजदूरी कर रहे थे। सभी मड़धूरा गांव में जंगल के निकट एक खाली मकान में रहते थे। घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। उस रात को मजदूरों से मिलने दो लोग पिथौरागढ़ से मैक्स वाहन बुक करा कर मड़धूरा पहुंचे। मकान में रात को मांस पकाया गया और शराब भी पी गई थी। पुलिस को जांच के दौरान मुर्गे और मछली के पीस और खाली शराब की बोतल मिली हैं। जिससे प्रतीत होता है कि शराब पीने के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। मारे गए श्रमिकों में से दो के जननांग काट दिए गए और तीसरे का चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया। जिससे शिनाख्त करने में काफी मुश्किल हुई। शुक्रवार की रात को इस घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे फरार हो गए।
इधर शनिवार को जब मकान मालकिन घास काटने गई तो उसे मकान में एक नेपाली का शव दिखा उसने इसकी सूचना अपने पति को दी। महिला के पति द्वारा ठेकेदार तथा जाजरदेवल थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शनिवार की सायं पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु भी मौके पर पहुंचे। मृतकों के साथ रहने वाले एक मजदूर और एक नेपाली महिला के वहां नहीं मिलने पर उन पर वारदात को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है।
इस बीच मकान के दूसरे कमरे की तलाशी ली गई। कमरे का ताला खोलते ही दूसरे कमरे में दो शव मिले। जिनमें से एक शव मड़धूरा में ही काम करने वाले नेपाली मजूदर का था तो दूसरा पिथौरागढ़ से गए नेपाली था। इन दोनों को धारदार हथियार से मारा गया था और उनके जननांग भी काटे गए थे। हत्यारों ने सबूत मिटाने के प्रयास भी किए। तीनों नेपाली श्रमिकों के फोन जला दिए गए। पुलिस ने घटना स्थल से एक फोन बरामद किया है। फोन नंबर को ट्रेस करने पर उसकी लोकेशन नेपाल सीमा के आसपास मिली और आगे की लोकेशन का पता नहीं लग सका है। अलबत्ता पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें : तीन नेपाली नागरिकों की बेरहमी से हत्या, एक की हुई शिनाख्त