Three Nepalese civilians murdered तीन नेपाली नागरिकों की बेरहमी से हत्या, एक की हुई शिनाख्त
जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर मडधूरा गांव में तीन नेपालियों की निर्मम हत्या कर दी गई है। अभी केवल एक नेपाली के नाम का पता चल सका है। हत्यारों ने मृतकों के जननांग काट दिए हैं।
पिथौरागढ़, जेएनएन : जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर मडधूरा गांव में तीन नेपालियों की निर्मम हत्या कर दी गई है। मृतकों में से अभी केवल एक नेपाली के नाम का पता चल सका है। वहीं हत्यारों ने तीनों मृतकों के जननांग काट दिए हैं। पुलिस अन्य मृतकों की शिनाख्त व हत्या का कारण पता करने की कोशिश में जुट गई है। घटना स्थल पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं। त्योहार से ठीक पहले ऐसी भयावह वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। अभी नगर के सरस्वती विहार कालोनी में एक महिला की गला घोंटकर हत्या हुई थी। वहीं, इस वारदात में शव के अंग-भंग किए जाने से लोगों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीमांत जिले के मडधूरा गांव में तीन नेपाली नागरिक मजदूरी के लिए गए थे। शुक्रवार की रात को तीनों नेपालियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरानी की बात है कि हत्या के दूसरे दिन शनिवार शाम तक किसी को कानो कान खबर नहीं लगी। शनिवार सायं जब गांव की एक महिला किसी काम से उधर गई, जहां नेपाली रहते थे। वहां पर एक कमरा खुला था। महिला ने देखा कि कमरे के अंदर एक नेपाली नागरिक का शव पड़ा हुआ है और दूसरा कमरा बंद है। इसके बाद महिला बदहवास शोर मचाते हुए गांव की ओर भागी। शोर सुनकर ग्रामीणों को घटना का पता चला। इसके बाद गांव वालों ने जाजरदेवल थाने को मामले की सूचना दी। देर सायं पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने जब दूसरा कमरा खोला तो उसमें दो नेपालियो के और शव मिले, जिसमें से एक नेपाली का चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। तीनों मृतकों के जननांग काटे गए थे। मृतको में अभी तक केवल एक की ही शिनाख्त हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम काशी बोरा है।
पुलिस इस मामले में नेपालियों के ही संलिप्त होने की आशंका जता रही है। वहीं, संवेदनशील अंगों के काटे जाने से लोग इस मामले को छेड़छाड़ से जोड़ कर देख रहे हैं। वारदात में स्थानीय लोगों के शामिल होने की आशंका को बल मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु मौके पर हैं। गांव में काफी संख्या में पुलिस तैनात किए गए हैं। मामले की जांच चल रही है। शांत माने जाने वाले गांव में त्योहार से पहले तीन नेपालियों की निर्मम हत्या से सनसनी बनी है। लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। अभी दो दिन पूर्व ही नगर के सरस्वती विहार में महिला की गला घोंट कर हत्या हुई थी और अब तीन हत्याओं से लोगों में भय व्याप्त है।
यह भी पढ़ें : सरस्वती विहार काॅलोनी में महिला की गला घोंटकर हत्या, पति फरार