अब जेल में बंद कैदियों को बढ़कर मिलेगा मेहनताना, अपर सचिव की ओर से जारी किया गया आदेश
राज्य की जेलों में बंद कैदियों को राहत देने वाली खबर है। अब उनको परिश्रम के बदले बढ़ा हुआ मेहनताना मिलेगा।
हल्द्वानी, जेएनएन : राज्य की जेलों में बंद कैदियों को राहत देने वाली खबर है। अब उनको परिश्रम के बदले बढ़ा हुआ मेहनताना मिलेगा। सरकार ने अकुशल से लेकर कुशल श्रमिकों तक के पारिश्रमिक में 14 से 22 रुपये की बढ़ोतरी की है। शासन के अपर सचिव की ओर से बढ़े हुए पारिश्रमिक का आदेश भी जारी कर दिया गया है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि राज्य की जेलों में करीब छह से सात हजार कैदी रहते हैं। इन कैदियों को जेल में काम करने के एवज में सरकार की ओर से मेहनताना दिया जाता है। अब तक अकुशल को रोजाना 30 रुपये, अर्ध कुशल को 35 रुपये व कुशल को 45 रुपये मिलता था। यह धनराशि महंगाई के हिसाब से काफी कम होने पर महानिरीक्षक कारागार की ओर से पारिश्रमिक बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अपर सचिव सुनीलश्री पांचरी ने बढ़ाए पारिश्रमिक का आदेश जारी किया है।
अब अकुशल को 44 रुपये, अर्ध कुशल को 52 रुपये व कुशल को 67 रुपये रोजाना के हिसाब से पारिश्रमिक दिया जाएगा। पारिश्रमिक बढऩे से कैदी व बंदी भी पूर्ण मनोयोग से काम करेंगे। शासन के आदेश पर तीन फरवरी से ही नए पारिश्रमिक की दरों को लागू कर दिया गया है। पारिश्रमिक में वृद्धि से आने वाला व्यय भार वित्तीय वर्ष के आय-व्यय संगत मद के नाम पर डाला जाएगा।
यह भी पढ़ें : रोपवे में आई खराबी तकनीकी के कारण आसमान में अटकीं नौ लोगों की जिंदगी
यह भी पढ़ें : रामनगर में खनन माफिया ने फॉरेस्ट गार्ड पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान